परशुराम जयंती महोत्सव शुक्रवार से

WhatsApp Channel Join Now
परशुराम जयंती महोत्सव शुक्रवार से


जोधपुर, 16 अप्रैल (हि.स.)। भगवान विष्णु के छठे अवतार भगवान परशुराम की जयंती के पावन अवसर पर सर्व ब्राह्मण महासभा जोधपुर इकाई के तत्वावधान में परशुराम महादेव मंदिर में तीन दिवसीय धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन 17 अप्रैल से 19 अप्रैल तक श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न होगा, जिसमें पूजा-अर्चना, संत समागम, भजन संध्या एवं सम्मान समारोह सहित अनेक विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

सर्व ब्राह्मण महासभा के जिलाध्यक्ष डॉ. आनंदराज पुरोहित ने बताया कि यह आयोजन भोगीशैल पर्वतमाला स्थित सिवांची गेट स्वर्गाश्रम के आगे परशुराम महादेव मंदिर परिसर में होगा। उन्होंने बताया कि 17 अप्रैल को सुबह गणपति पूजन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ होगा, जिसके बाद संत समागम आयोजित किया जाएगा। अगले दिन 18 अप्रैल को भगवान परशुराम के विग्रह का विशेष अभिषेक किया जाएगा।

इस दौरान इत्र, पंचामृत, शहद, केसर एवं 101 किलो दूध से अभिषेक होगा। साथ ही 51 वेदपाठियों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ सामूहिक रुद्राभिषेक किया जाएगा। इसके पश्चात भजन संध्या आयोजित होगी, जिसमें स्थानीय कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। अंतिम दिन 19 अप्रैल को भगवान परशुराम जन्मोत्सव के अवसर पर सुबह विशेष पूजा-अर्चना की जाएगी तथा सायं 6 बजे सम्मान समारोह आयोजित होगा।

इस समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले प्रतिभाशाली व्यक्तियों को 16वां परशुराम पुरस्कार 2026 प्रदान किया जाएगा। साथ ही दो विशिष्ट व्यक्तियों को लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से सम्मानित किया जाएगा। समारोह में राजस्थान उच्च न्यायालय के न्यायाधीश संजीत पुरोहित मुख्य अतिथि होंगे।

वहीं सूरसागर विधायक देवेंद्र जोशी, वरिष्ठ चिकित्सक एवं समाजसेवी नगेंद्र शर्मा तथा वरिष्ठ अधिवक्ता आनंद पुरोहित विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। सर्व ब्राह्मण महासभा के कार्यकारी प्रदेशाध्यक्ष सत्यप्रकाश बोहरा ने बताया कि इस अवसर पर मंदिर परिसर को आकर्षक रोशनी से सजाया जाएगा। तीनों दिनों तक मंदिर में पूजा-पाठ, धार्मिक अनुष्ठान एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम निरंतर चलते रहेंगे। इस आयोजन में पीपीएस सोसायटी एवं पुष्टिकर महिला महाविद्यालय, सिवांची गेट का विशेष सहयोग रहेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Share this story