पंचायतीराज आम चुनाव: तीसरे चरण के मतदान के लिए 442 मतदान केंद्रों पर रवाना हुए दल

WhatsApp Channel Join Now
पंचायतीराज आम चुनाव: तीसरे चरण के मतदान के लिए 442 मतदान केंद्रों पर रवाना हुए दल


पंचायतीराज आम चुनाव: तीसरे चरण के मतदान के लिए 442 मतदान केंद्रों पर रवाना हुए दल


जयपुर, 02 नवंबर (हि.स.)। पंचायतीराज आम चुनाव के तीसरे चरण के मतदान की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मंगलवार को होने वाले मतदान के लिए सोमवार को श्री भवानी निकेतन कॉलेज ऑफ फार्मेसी परिसर से पांच पंचायत समितियों के 442 मतदान केंद्रों के लिए मतदान दल रवाना हुए। अंतिम प्रशिक्षण के बाद दलों को ईवीएम और निर्वाचन सामग्री उपलब्ध कराई गई। जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) संदेश नायक ने मतदान प्रक्रिया निष्पक्ष, स्वतंत्र और सुचारू रूप से संपन्न कराने के निर्देश दिए।

जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) संदेश नायक ने बताया कि तीसरे चरण में चाकसू, कोटखावदा, माधोराजपुरा, फागी और सांगानेर पंचायत समितियों के 77 पंचायत समिति वार्ड और 133 ग्राम पंचायतों में मतदान होगा। इसके लिए कुल 442 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इनमें चाकसू के 93, कोटखावदा के 82, माधोराजपुरा के 93, फागी के 90 और सांगानेर के 84 मतदान दल शामिल हैं। इन क्षेत्रों के कुल 3 लाख 74 हजार 816 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदान केंद्रों पर पेयजल, शौचालय, स्वच्छता, निर्बाध बिजली आपूर्ति और सुरक्षा सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मतदान दल निर्धारित रूट चार्ट के अनुसार चेक पोस्ट पर उपस्थिति दर्ज कराकर अपने केंद्रों पर पहुंचेंगे।

जिला परिषद के वार्ड 27 से 37 और पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए 3 नवंबर को सुबह 7 से शाम 6 बजे तक मतदान होगा। इसके बाद 4 नवंबर को ग्राम पंचायत स्तर पर सरपंच एवं वार्ड पंच पदों के लिए नामांकन प्रक्रिया होगी। इन पदों के लिए 5 नवंबर को सुबह 7 से शाम 6 बजे तक मतदान और संबंधित ग्राम पंचायत मुख्यालय पर मतगणना होगी। उपसरपंच पद के लिए 6 नवंबर को चुनाव कराया जाएगा। जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्य पदों के सभी चरणों की मतगणना 20 नवंबर को सुबह 8 बजे श्री भवानी निकेतन कॉलेज ऑफ फार्मेसी परिसर में होगी।

मतदान के बाद ईवीएम को निर्धारित प्रक्रिया के तहत सुरक्षित संग्रहण स्थल तक पहुंचाने के निर्देश भी दिए गए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

771321 Articles

Share this story