पंचायती राज चुनाव को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन

WhatsApp Channel Join Now
पंचायती राज चुनाव को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन


जयपुर, 24 अप्रैल (हि.स.)। राजस्थान में पंचायतीराज और निकाय चुनावों को लेकर सियासत तेज हो गई है। इसके चलते शुक्रवार को राष्ट्रीय पंचायतीराज दिवस के अवसर पर जयपुर में कांग्रेस ने भाजपा सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए ‘चुनाव करवाओ, लोकतंत्र बचाओ’ आंदोलन की शुरुआत की। कांग्रेस मुख्यालय के बाहर राजीव गांधी पंचायत राज संगठन के पदाधिकारियों, पूर्व जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन कर सरकार से शीघ्र चुनाव कराने की मांग की।

इससे पहले कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित विचार गोष्ठी को पूर्व विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सीपी जोशी ने संबोधित करते हुए कहा कि पंचायती राज व्यवस्था ने सत्ता का विकेंद्रीकरण कर गांवों तक अधिकार पहुंचाए, लेकिन वर्तमान सरकार इस व्यवस्था को कमजोर करने का प्रयास कर रही है।

राजीव गांधी पंचायत राज संगठन के प्रदेशाध्यक्ष डॉ. सीबी यादव ने कहा कि संविधान में स्पष्ट प्रावधान है कि पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव पांच वर्ष की अवधि पूर्ण होने से पहले कराए जाएं, लेकिन राज्य सरकार ऐसा नहीं कर संविधान की भावना का उल्लंघन कर रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि आंदोलन को प्रदेशभर में जन आंदोलन का रूप दिया जाएगा। इसके तहत हस्ताक्षर अभियान, पदयात्राएं और विभिन्न स्थानों पर विचार गोष्ठियों का आयोजन किया जाएगा।

पूर्व जिला परिषद सदस्य मोहन डागर ने आरोप लगाया कि चुनाव नहीं होने से ग्रामीण क्षेत्रों का विकास प्रभावित हो रहा है। पंचायत समितियों और जिला परिषदों के कार्य ठप पड़े हैं और विकास कार्यों के लिए मिलने वाला फंड भी अन्यत्र डायवर्ट किया जा रहा है।

जयपुर शहर कांग्रेस अध्यक्ष सुनील शर्मा ने कहा कि भाजपा सरकार हार के डर से चुनाव नहीं करा रही है और लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस इस मुद्दे को लेकर संघर्ष जारी रखेगी और सरकार को चुनाव कराने के लिए मजबूर करेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story