निकाय व पंचायती राज चुनावों को लेकर कांग्रेस ने 23 जिलों से लिया फीडबैक

WhatsApp Channel Join Now
निकाय व पंचायती राज चुनावों को लेकर कांग्रेस ने 23 जिलों से लिया फीडबैक


जयपुर, 17 अगस्त (हि.स.)। आगामी नगर निकाय एवं पंचायती राज चुनावों की तैयारियों को लेकर राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा और प्रदेश प्रभारी राजस्थान सुखजिन्दर सिंह रंधावा ने सोमवार को 23 जिलों के कांग्रेस पदाधिकारियों के साथ छह चरणों में बैठक कर चुनावी तैयारियों का फीडबैक लिया। बैठक सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक चली। इसमें नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली और सह प्रभारी चिरंजी राव भी शामिल रहे।

बैठक में संबंधित जिलों के जिलाध्यक्ष, विधायक एवं विधायक प्रत्याशी, सांसद एवं सांसद प्रत्याशी, जिला प्रभारी-सहप्रभारी, जिला प्रमुख, महापौर तथा संबंधित जिलों में निवासरत अग्रिम संगठनों एवं विभागों-प्रकोष्ठों के प्रदेशाध्यक्ष शामिल हुए। नगर निकायों और पंचायती राज संस्थाओं के चुनावों की रणनीति को लेकर जिलों से फीडबैक लिया गया और प्रदेश नेतृत्व ने आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं मीडिया चेयरपर्सन स्वर्णिम चतुर्वेदी ने बताया कि 18 अगस्त को सुबह 10 बजे पीसीसी वार रूम, हॉस्पिटल रोड पर वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं की बैठक होगी। इसमें रंधावा, डोटासरा, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, टीकाराम जूली, एआईसीसी महासचिव सचिन पायलट, जितेन्द्र सिंह, मध्यप्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष, पूर्व नेता प्रतिपक्ष, सह प्रभारी सचिव, प्रदेश से एआईसीसी पदाधिकारी एवं अग्रिम संगठनों के प्रदेशाध्यक्ष शामिल होंगे।

उन्होंने बताया कि 23 जिलों के बाद शेष 27 जिलों का चुनावी फीडबैक लेने के लिए 18 अगस्त को सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय, जयपुर में बैठक आयोजित की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story