नशे में झूमते दो युवकों का वीडियो वायरल, पंजाब से राजस्थान तक छिड़ी बहस

WhatsApp Channel Join Now
नशे में झूमते दो युवकों का वीडियो वायरल, पंजाब से राजस्थान तक छिड़ी बहस


जयपुर/चंडीगढ़, 11 अगस्त (हि.स.)। नशे में झूमते दो युवकों का 41 सेकेंड का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद राजस्थान और पंजाब में नशे को लेकर नई बहस छिड़ गई है। वीडियो को क्रिकेटर और भाजपा राज्यसभा सांसद हरभजन सिंह ने अपने एक्स अकाउंट पर शेयर करते हुए पंजाब में बढ़ती नशे की समस्या पर चिंता जताई। हालांकि वीडियो की लोकेशन को लेकर अब पंजाब पुलिस और श्रीगंगानगर पुलिस के बयान आमने-सामने आ गए हैं।

वीडियो में दो युवक एक ही जगह खड़े दिखाई दे रहे हैं और नशे की हालत में लगातार झूलते नजर आ रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद इसे सोशल मीडिया पर ‘जॉम्बी ड्रग’ के नशे से जोड़कर शेयर किया गया।

हरभजन सिंह ने वीडियो शेयर करते हुए पंजाब में युवाओं के नशे की गिरफ्त में आने पर चिंता जताई। उन्होंने लिखा कि पंजाब कभी अपनी बढ़ती किस्मत, साहस और वीरता के लिए जाना जाता था, लेकिन आज वहां के युवा नशे के घेरे में फंस रहे हैं। उन्होंने सरकारों पर पंजाबी युवाओं को बर्बाद करने का आरोप लगाते हुए कहा कि अभी भी समय है और पंजाब तथा पंजाब के युवाओं को बचाने की जरूरत है।

पोस्ट के बाद सांसद हरभजन सिंह सोशल मीडिया पर ट्रोल भी हो रहे हैं।

वीडियो वायरल होने के बाद पंजाब पुलिस ने हरभजन सिंह की पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए दावा किया कि यह वीडियो श्रीगंगानगर राजस्थान का है, पंजाब का नहीं। पंजाब पुलिस ने कहा कि पंजाबी ऑडियो ट्रैक लगा देने मात्र से कोई घटना पंजाब की नहीं हो जाती। पंजाब पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया कि वीडियो से उसका कोई संबंध नहीं है।

दूसरी ओर श्रीगंगानगर एसपी हरिशंकर ने पंजाब पुलिस के दावे से अलग बयान दिया।

उन्होंने कहा कि वीडियो तीन-चार दिन पहले पीलीबंगा हनुमानगढ़ से किसी व्यक्ति ने इंस्टाग्राम पर अपलोड किया था। एसपी के अनुसार श्रीगंगानगर का इस वीडियो से कोई संबंध नहीं है। एसपी ने दावा किया कि वीडियो पंजाब का है और इसे अपलोड करने वाले युवक की तलाश की जा रही है। उन्होंने कहा कि राजस्थान पुलिस जल्द ही इस मामले में स्थिति स्पष्ट करेगी।

एक ही वीडियो को लेकर पंजाब पुलिस और राजस्थान पुलिस के बयान अलग-अलग सामने आने से इसकी वास्तविक लोकेशन को लेकर सवाल खड़ा हो गया है।

एक तरफ पंजाब पुलिस इसे राजस्थान का वीडियो बता रही है, वहीं श्रीगंगानगर एसपी इसे पंजाब का बता रहे हैं। ऐसे में फिलहाल वीडियो की वास्तविक जगह और इसमें दिखाई दे रहे युवकों की पहचान की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के साथ ‘जॉम्बी ड्रग’ के दावे को भी जांच के बाद ही पुष्ट माना जा सकेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Share this story