नर्मदा नहर में युवक-युवती के शव मिलने से सनसनी
जालोर, 24 जून (हि.स.)। जिले के सांचौर थाना क्षेत्र के डेड़वा गांव के पास बुधवार सुबह नर्मदा नहर में एक युवक और एक युवती के शव मिलने से सनसनी फैल गई। दोनों के शव नहर में तैरते हुए दिखाई दिए। खास बात यह रही कि दोनों ने अपनी कमर एक-दूसरे से बांध रखी थी।
ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को नहर से बाहर निकलवाया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
सांचौर डीएसपी जयराम ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मंगलवार देर रात दोनों के नर्मदा नहर में गिरने की आशंका जताई जा रही है। घटनास्थल से कुछ दूरी पर नहर किनारे एक बाइक भी खड़ी मिली थी। बाइक मिलने के बाद ग्रामीणों ने आसपास तलाश शुरू की। बुधवार सुबह नहर में दो शव दिखाई देने पर पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग या आत्महत्या से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, लेकिन अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है। फिलहाल पुलिस मृतकों की पहचान, उनके आपसी संबंध, नहर तक पहुंचने की परिस्थितियों और घटना के पीछे के कारणों की पड़ताल कर रही है।
जांच पूरी होने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

