नगर निगम अजमेर के लिए शनिवार को भरे गए नामांकन

WhatsApp Channel Join Now
नगर निगम अजमेर के लिए शनिवार को भरे गए नामांकन


अजमेर, 29 अगस्त(हि.स.)। निकाय चुनाव में एक बहुत बड़ा उलटफेर हुआ है। अब तक यह सामने आ रहा था कि तीन बार पार्षद रहे ज्ञान सारस्वत और उनकी सुपुत्री हर्षिता शर्मा चुनाव मैदान में उतर सकती है। लेकिन ज्ञान सारस्वत ने एक वीडियो जारी कर साफ किया है कि वह और उनके परिवार का कोई भी सदस्य निकाय चुनाव 2026 नहीं लड़ेंगे।

सूत्रों के मुताबिक ज्ञान सारस्वत ने अपने करीबियों से कहा कि पूर्व में विधानसभा का चुनाव लड़ा था। जिन लोगों ने सहयोग किया, जो हितेषी बने उन पर विभिन्न प्रकार के कार्रवाई हुई। अभी चुनाव लडूंगा तो क्या गारंटी है कि उन पर कार्रवाई नहीं होगी इस कारण वह पार्षद का चुनाव नहीं लड़ना चाहते।

विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी से लंबे समय से चल रही है अदावत आखिरकार सड़कों पर आ गई। पूर्व मेयर धर्मेंद्र गहलोत की पत्नी हेमा गहलोत ने अजमेर उत्तर के वार्ड 4 से निर्दलीय के रूप में अपना नामांकन पत्र दाखिल कर दिया। इस वार्ड में खुद देवनानी का निवास है। ऐसे में अब यह हॉट सीट बन चुकी है। शहर में हर किसी की नजर इस वार्ड की जीत हार पर जरूर लगी रहेगी। गहलोत कुछ दिन पूर्व भाजपा से इस्तीफा दे चुके हैं। कांग्रेस ने अभी तक इस वार्ड से किसी को टिकट नहीं दिया है।

अजमेर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ राजकुमार जयपाल पूर्व में ही यह बोल चुके हैं कि वार्ड नंबर 4 में कांग्रेस का कोई प्रत्याशी चुनाव मैदान में नहीं उतरा जाएगा। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि इसकी स्वीकृति प्रदेश कांग्रेस कमेटी से लेनी होगी जिसका प्रस्ताव भिजवा दिया गया है। टिकट की सूची जारी होने के बाद ही स्थिति सामने आ पाएगी। वार्ड चार से अभी ज्ञान सारस्वत निर्दलीय के रूप में बड़े मतों से चुनाव जीत कर पार्षद बने थे। वार्ड में उनका मिलनसारी की वजह से अच्छा खासा प्रभाव है।

शहर जिला कांग्रेस के अध्यक्ष डॉ राजकुमार जयपाल शुक्रवार शाम से अजमेर के मित्तल हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर में स्वास्थ्य लाभ पा रहे हैं। निकाय चुनाव नामांकन के ऐन वक्त पर उनका अस्वस्थ होकर अस्पताल में भर्ती होने से टिकिट के दावेदारों को खासी निराशा हो रही है। बताया जाता है कि डॉ जयपाल को श्वास लेने में दिक्कत महसूस होने पर उन्हें फेफड़ा रोग विशेषज्ञ डॉ प्रमोद दाधीच के देखरेख में उपचार दिया जा रहा है।

नगर निकाय आम चुनाव-2026 के अन्तर्गत नगर निगम अजमेर के निर्वाचन के लिए शनिवार को भी नामांकन भरे गए। निर्वाचन प्रक्रिया में भाग लेने के इच्छुक व्यक्तियों ने शनिवार 29 अगस्त को वार्ड नंबर एक से 20 तक कुल 163 फार्म वितरित किए गए। इसमें से कुल 9 फॉर्म जमा किए गए। वार्ड संख्या 21 से 40 तक कुल 100 फॉर्म वितरित किए गए है। इसमें से कुल 9 फॉर्म भरकर जमा किए गए। वार्ड संख्या 41 से 60 तक कुल 110 फॉर्म वितरित किए गए है। वार्ड संख्या 61 से 80 तक कुल 122 फॉर्म वितरित किए गए है। इसमें 4 एआरओ के माध्यम से विभिन्न वार्डवार नाम निर्देशन पत्रों का वितरण किया गया।

वार्ड संख्या एक से 20 के सहायक रिर्टनिंग अधिकारी एवं अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट शहर प्रवीण कुमार ने बताया कि वार्ड संख्या 4 के लिए निर्दलीय उम्मीदवार हेमा गहलोत, वार्ड संख्या 13 के लिए निर्दलीय उम्मीदवार अहमद हुसैन, वार्ड संख्या 5 के लिए निर्दलीय उम्मीदवार गोजु देवी, वार्ड संख्या एक के लिए निर्दलीय उम्मीदवार बनवारी लाल शर्मा, वार्ड संख्या 12 के लिए कांग्रेस उम्मीदवार संगीता, वार्ड संख्या एक के लिए कांग्रेस उम्मीदवार बनवारी लाल शर्मा, वार्ड संख्या 13 के लिए कांग्रेस उम्मीदवार खुशनूर खानम, वार्ड संख्या 14 के लिए कांग्रेस उम्मीदवार वाहिद मोहम्मद द्वारा नामांकन किया गया।

वार्ड संख्या 21 से 40 के सहायक रिर्टनिंग अधिकारी एवं सहायक कलक्टर मुख्यालय श्रीमती दिव्या सोनी ने बताया कि वार्ड संख्या 33 के लिए निर्दलीय उम्मीदवार उम्मेद सिंह, वार्ड संख्या 22 के लिए निर्दलीय उम्मीदवार दीपेश हरियाला, वार्ड संख्या 28 के लिए निर्दलीय उम्मीदवार संजय वर्मा, वार्ड संख्या 30 के लिए कांग्रेस उम्मीदवार बालकिशन शर्मा, वार्ड संख्या 39 के लिए कांग्रेस उम्मीदवार सरजू देवी, वार्ड संख्या 32 के लिए कांग्रेस उम्मीदवार खुशनुमा परवीन, वार्ड संख्या 39 के लिए कांग्रेस उम्मीदवार सीमा, वार्ड संख्या 23 के लिए कांग्रेस उम्मीदवार नीलम सियोल, वार्ड संख्या 40 के लिए आम आदमी पार्टी उम्मीदवार श्री शिव राम सिंह, वार्ड संख्या 28 के लिए कांग्रेस उम्मीदवार संजय वर्मा द्वारा नामांकन किया गया।

वार्ड संख्या 41 से 60 के सहायक रिर्टनिंग अधिकारी एवं उपखण्ड मजिस्ट्रेट पद्मा देवी ने बताया कि वार्ड संख्या 43 के लिए निर्दलीय उम्मीदवार निर्मला जाटव, वार्ड संख्या 52 के लिए निर्दलीय उम्मीदवार गोविंद, वार्ड संख्या 43 के लिए कांग्रेस उम्मीदवार काजल यादव, वार्ड संख्या 47 के लिए कांग्रेस उम्मीदवार तरुणा, वार्ड संख्या 45 के लिए कांग्रेस उम्मीदवार श्री खेमचंद द्वारा नामांकन किया गया।

वार्ड संख्या 61 से 80 के सहायक रिर्टनिंग अधिकारी एवं उपायुक्त एडीए श्रीमती शीला चौधरी ने बताया कि वार्ड संख्या 76 के लिए निर्दलीय उम्मीदवार पूजा तोलवानी द्वारा नामांकन किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष

Share this story