धोद में 44.36 करोड़ के 39 कार्य स्वीकृत

WhatsApp Channel Join Now
धोद में 44.36 करोड़ के 39 कार्य स्वीकृत


जयपुर, 24 फ़रवरी (हि.स.)। उप मुख्यमंत्री एवं सार्वजनिक निर्माण मंत्री दिया कुमारी ने मंगलवार को विधानसभा में बताया कि राज्य सरकार ने सीकर जिले की दो सड़कों को 18 नवम्बर 2024 को मुख्य जिला सड़क (एमडीआर)-415 और एमडीआर-416 में क्रमोन्नत किया है। एमडीआर-415 का 13 अगस्त 2025 को विस्तार भी किया गया है।

प्रश्नकाल के दौरान विधायक गोरधन के पूरक प्रश्नों का उत्तर देते हुए मंत्री ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र धोद में बजट वर्ष 2025-26 की घोषणा के तहत 44.36 करोड़ रुपये की लागत से सड़कों के 39 कार्य स्वीकृत किए गए हैं। इनमें से 6 कार्य पूर्ण हो चुके हैं, जबकि 33 कार्य प्रगतिरत हैं।

उन्होंने बताया कि किसी सड़क को मुख्य जिला सड़क घोषित करने के लिए निर्धारित मानदंड हैं। किसी सड़क से जिले के कम से कम दो तहसील मुख्यालय और दो औद्योगिक क्षेत्र जुड़े होने चाहिए तथा उसकी आधी लंबाई पर न्यूनतम 2000 पीसीयू यातायात घनत्व होना आवश्यक है।

लिखित जवाब में मंत्री ने जानकारी दी कि दिसंबर 2023 से दिसंबर 2025 के बीच सीकर जिले से दो सड़कों को मुख्य जिला सड़क में क्रमोन्नत करने के प्रस्ताव प्राप्त हुए थे, जिन्हें 18 नवम्बर 2024 को स्वीकृति देते हुए एमडीआर-415 और एमडीआर-416 घोषित किया गया।

उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग-52 से भढ़ाढ़र, सांवलोदा धायलान, सांवलोदा पुरोहितान, नागवा, जीणमाता और खाटूश्यामजी को जोड़ने वाली एमडीआर-415 की कुल लंबाई 75.10 किलोमीटर है। इसमें से 3.70 किलोमीटर हिस्सा वन क्षेत्र में आता है। इस सड़क के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण के लिए 93.87 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। वन क्षेत्र में कार्य के लिए वन विभाग की अनापत्ति आवश्यक होगी और इसकी स्वीकृति कार्यों की प्राथमिकता के आधार पर जारी की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Share this story