दो माह बाद फिर शुरू हुआ पचपदरा रिफाइनरी का उत्पादन, जुलाई में पीएम मोदी कर सकते हैं उद्घाटन

WhatsApp Channel Join Now
दो माह बाद फिर शुरू हुआ पचपदरा रिफाइनरी का उत्पादन, जुलाई में पीएम मोदी कर सकते हैं उद्घाटन


बालोतरा, 19 जून (हि.स.)। देश की सबसे आधुनिक और हाईटेक मानी जा रही पचपदरा रिफाइनरी में 20 अप्रैल को आग लगने के बाद बंद हुई उत्पादन प्रक्रिया अब दो महीने बाद फिर से शुरू हो गई है। रिफाइनरी की मुख्य क्रूड डिस्टिलेशन यूनिट की मरम्मत पूरी होने के बाद इसे दोबारा चालू कर दिया गया है। करीब 79,459 करोड़ रुपये की लागत से 4,500 एकड़ (7,200 बीघा) क्षेत्र में निर्मित इस महत्वाकांक्षी परियोजना के शुरू होने से राजस्थान के औद्योगिक विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।

जानकारी के अनुसार, हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड की इस रिफाइनरी का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जुलाई में कर सकते हैं। हालांकि उद्घाटन की आधिकारिक घोषणा अभी नहीं की गई है, लेकिन प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।

गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 21 अप्रैल को पचपदरा रिफाइनरी का उद्घाटन करने वाले थे, लेकिन इससे एक दिन पहले, 20 अप्रैल को रिफाइनरी की क्रूड डिस्टिलेशन यूनिट और वैक्यूम डिस्टिलेशन यूनिट में आग लगने की घटना हो गई थी। इसके बाद प्रधानमंत्री का कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया था।

घटना के बाद एचपीसीएल ने 25 अप्रैल को जारी जानकारी में बताया था कि विस्तृत जांच में यह सामने आया कि आग हीट एक्सचेंजर स्टैक तक सीमित थी। आग से केवल छह एक्सचेंजर और उनसे जुड़े सहायक उपकरण प्रभावित हुए थे। प्रारंभिक जांच में आग का कारण वैक्यूम रेजिड्यू एक्सचेंजर की इनलेट लाइन पर प्रेशर गेज टैपिंग पॉइंट से रिसाव पाया गया था।

अब मुख्य इकाइयों सीडीयू और वीडीयू के दोबारा शुरू होने से रिफाइनरी की सभी फ्यूल प्रोसेसिंग लाइनें पूरी तरह सक्रिय हो गई हैं। कंपनी प्रबंधन के अनुसार, क्रूड ऑयल से निकलने वाले सभी उत्पादों की प्रोसेसिंग सुरक्षित रूप से डाउनस्ट्रीम यूनिट्स में की जा रही है।

रिफाइनरी में उत्पादन शुरू होने के साथ ही भारत स्टेज-6 मानकों के अनुरूप हाई-स्पीड डीजल (एचएसडी), एलपीजी (रसोई गैस), पेट्रोलियम कोक (पेटकोक) और नेफ्था जैसे पेट्रोलियम उत्पादों का निर्माण भी शुरू हो गया है।

पचपदरा रिफाइनरी के लिए कच्चा तेल गुजरात के मुंद्रा पोर्ट से पाइपलाइन के जरिए लाया जाएगा। मुंद्रा पोर्ट से रिफाइनरी की दूरी करीब 487 किलोमीटर है।

गौरतलब है कि मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने 15 जून को शासन सचिवालय में एचपीसीएल राजस्थान रिफाइनरी परियोजना पचपदरा (बालोतरा) की प्रगति की समीक्षा की थी। उन्होंने परियोजना से संबंधित कार्यों की विस्तृत जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को पेट्रो उत्पादों का उत्पादन शीघ्र प्रारम्भ करने की दिशा में आवश्यक निर्देश दिए थे।

मुख्य सचिव ने समीक्षा के दौरान बताया कि रिफाइनरी में पेट्रोल एवं डीजल के उत्पादन की तैयारियां अंतिम चरण में हैं तथा इसी माह उत्पादन प्रारंभ करने का लक्ष्य रखा गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Share this story