देवदूत बने राजस्थान पुलिस के जांबाज
जयपुर, 04 अप्रैल (हि.स.)। शहर के ब्रह्मपुरी इलाके में शुक्रवार शाम तेज अंधड़ और बारिश के बीच एक टीन शेड का घर गिरने से दर्दनाक हालात बन गए। मलबे के नीचे एक महिला दब गई, जबकि आसपास टूटे बिजली के तारों में करंट दौड़ रहा था। स्थिति इतनी खतरनाक थी कि कोई भी व्यक्ति महिला को बचाने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहा था।
सूचना मिलते ही राजस्थान पुलिस के हेड कांस्टेबल भागीरथ और चालक हंसराज मौके पर पहुंचे। उन्होंने बिना अपनी जान की परवाह किए करंट से भरे तारों और मलबे के बीच घुसकर महिला को बाहर निकालने का साहसिक प्रयास किया।
दोनों पुलिसकर्मियों ने जोखिम उठाते हुए मलबा हटाया और महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इसके बाद उसे तुरंत एसएमएस हॉस्पिटल ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है और वह अब सुरक्षित बताई जा रही है।
इस साहसिक कार्रवाई ने एक बार फिर साबित कर दिया कि पुलिस केवल कानून व्यवस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि जरूरत पड़ने पर अपनी जान जोखिम में डालकर लोगों की जिंदगी बचाने में भी पीछे नहीं हटती। ब्रह्मपुरी की इस घटना में पुलिसकर्मियों का जज्बा इंसानियत की मिसाल बनकर सामने आया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

