दिन के साथ उबलने लगा रात का पारा, श्रीगंगानगर@ 47 डिग्री

WhatsApp Channel Join Now
दिन के साथ उबलने लगा रात का पारा, श्रीगंगानगर@ 47 डिग्री


जयपुर, 09 जून (हि.स.)। प्रदेश में एक बार फिर पारे में उबाल आने लगा है। दिन के साथ रात में भी गर्म हवाओं के थपेड़ों ने आमजन की नींद उड़ा दी है। प्रदेश के 22 शहरों का दिन का पारा 40 और 12 शहरों का रात का पारा 30 डिग्री के पार दर्ज किया गया। 46.4 डिग्री के साथ श्रीगंगानगर का दिन और 35.3 डिग्री के साथ संगरिया की रात सबसे गर्म रही।

प्रदेश के शहरों के तापमान में 2 से 8 डिग्री तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई। पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर बीकानेर संभाग के ज्यादातर इलाकों में आगामी दो दिन मौसम मुख्यत: शुष्क रहने तथा अधिकतम तापमान 44-46 डिग्री दर्ज होने, कुछ स्थानों पर हीटवेव चल सकती है। अलवर में मंगलवार शाम मौसम बदल गया। रेत के बवंडर से अंधेरा छा गया। बारिश होने से लोगों को गर्मी से राहत मिली। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के 7 शहरों का दिन का पारा 43 डिग्री के पार दर्ज किया गया। श्रीगंगानगर के अलावा चूरू, पिलानी, जैसलमेर, फलौदी, बीकानेर और लूणकरणसर का दिन का पारा 43 डिग्री के पार दर्ज किया गया। संगरिया के अलावा पिलानी, जोधपुर, कोटा, फलौदी, बीकानेर, चूरू, गंगानगर, नागौर, जालोर और झुंझुनूं का रात का पारा 30 डिग्री के पार दर्ज किया गया।

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि मंगलवार को राज्य के पूर्वी भाग में कहीं-कहीं पर हल्की वर्षा दर्ज की गई तथा पश्चिमी भाग मुख्यतया शुष्क रहा। राज्य के पश्चिमी भाग में 1-2 स्थानों पर उष्ण लहर व गर्म रात्रि दर्ज की गई। निम्नतम न्यूनतम तापमान 22.7 डिग्री सिरोही में दर्ज किया गया । पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर बीकानेर संभाग के ज्यादातर इलाकों में आगामी दो दिन मौसम मुख्यत: शुष्क रहने तथा अधिकतम तापमान 44-46 डिग्री दर्ज होने, कुछ स्थानों पर हीटवेव चलने व तेज धूलभरी हवाएं 20-30 किमी प्रतिघंटा चलने की प्रबल संभावना है। एक और नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से राज्य के कुछ भागों में 11 जून से पुन: आंधी बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी देखने को मिलेगा। 11 से 14 जून के दौरान बीकानेर, जयपुर, अजमेर, भरतपुर संभाग के कुछ भागों में तेज मेघगर्जन के साथ आंधी (50-60 किमी प्रतिघंटा) व कहीं-कहीं हल्की-मध्यम बारिश होने की संभावना है।

जयपुर में तेज धूप और गर्म हवाओं ने आमजन को सताया। जयपुर के दिन और रात के पारे में उछाल देखा गया। जयपुर में दिन ही रात भी गर्म होने लगी है। तेज गर्मी के चलते दोपहर में शहर की सड़कों पर यातायात कम नजर आया। जयपुर के दिन के पारे में 1.8 और रात के पारे में 4 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई। जयपुर का अधिकतम तापमान 41.8 और न्यूनतम तापमान 31.2 डिग्री दर्ज किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश

Share this story