तेजा दशमी और रामदेव जयंती पर विधानसभा अध्यक्ष ने प्रदेशवासियों को दी शुभकामनाएं
जयपुर, 20 सितंबर (हि.स.)।तेजा दशमी और रामदेव जयंती के पावन अवसर पर राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि राजस्थान की धरती लोकदेवताओं की गौरवशाली परंपरा और लोक आस्था से समृद्ध रही है। वीर तेजाजी और बाबा रामदेवजी के जीवन एवं आदर्श आज भी समाज को सत्य, साहस, सेवा, समानता और भाईचारे की राह दिखाते हैं।
देवनानी ने कहा कि लोकदेवता वीर तेजाजी त्याग, शौर्य और वचनबद्धता के प्रतीक हैं। उनके जीवन से हमें कठिन परिस्थितियों में भी अपने वचन और संकल्प पर अडिग रहने की प्रेरणा मिलती है। वहीं बाबा रामदेवजी ने मानव सेवा, सामाजिक समानता और लोककल्याण का संदेश देकर समाज में समरसता की भावना को मजबूत किया। उन्होंने कहा कि तेजा दशमी और रामदेव जयंती केवल धार्मिक आस्था के पर्व नहीं, बल्कि राजस्थान की समृद्ध लोक संस्कृति और सांस्कृतिक विरासत की पहचान भी हैं। इन पर्वों के माध्यम से समाज में आपसी प्रेम, सद्भाव, भाईचारे और एकता का संदेश मजबूत होता है।
विधानसभा अध्यक्ष ने प्रदेशवासियों का आह्वान किया कि वे लोकदेवताओं के जीवन-मूल्यों को केवल स्मरण तक सीमित न रखते हुए उन्हें अपने आचरण में उतारें। सत्य, सेवा, साहस, समानता और सामाजिक सद्भाव की भावना के साथ प्रदेश के विकास में अपनी भागीदारी निभाएं। उन्होंने प्रदेश में सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

