तेज सर्दी ने ठिठुराया तो कोहरे में दुबका राजस्थान
जयपुर, 06 जनवरी (हि.स.)। पहाड़ों से आ रही सर्द हवाएं से ठिठुरा राजस्थान कोहरे में दुबका नजर आया। प्रदेश के 28 शहरों का रात का पारा 10 डिग्री से नीचे तो चार शहरों का दिन का पारा 15 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया। चार शहरों का रात का पारा तो 5 डिग्री से नीचे पहुंच गया। प्रदेश के शहरों के दिन के तापमान में दो से 6 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई। 3 डिग्री के साथ डूंगरपुर की रात और 11.5 डिग्री के साथ पिलानी का दिन प्रदेश में सबसे ठंडा रहा।
राजस्थान में मंगलवार को सीजन का सबसे घना कोहरा और कड़ाके की सर्दी रही। जयपुर, अजमेर, कोटा, भरतपुर सहित 15 से ज्यादा जिलों में दोपहर 12 बजे तक घनी धुंध रही। प्रदेश में आगामी दिनों दो-तीन दिन तापमान में और गिरावट आने की संभावना है। आगामी 2-3 दिन राज्य के कुछ भागों में सुबह घना या अतिघना कोहरे के साथ शीत दिन दर्ज होने की संभावना है। जोधपुर के लूणी स्टेशन पर एक साधु की डेडबॉडी मिली। आशंका है कि वृद्ध ने ठंड के कारण दम तोड़ दिया। इधर, धुंध के कारण उदयपुर और जयपुर में एयरलाइंस कंपनियों ने ट्रैवल एडवाइजरी भी जारी की है।
मौसम विभाग के अनुसार डूंगरपुर के अलावा सिरोही का न्यूनतम तापमान 4.1, माउंट आबू का 4.4 और पाली का 4.7 डिग्री दर्ज किया गया। पिलानी के अलावा चूरू का अधिकतम तापमान 12.1, झुंझुनूं का 14.1 और अंता बारां का 14.4 डिग्री दर्ज किया गया। बाड़मेर प्रदेश में सबसे गर्म रहा, यहां का अधिकतम तापमान 25.1 और न्यूनतम तापमान 10.8 डिग्री दर्ज किया गया।
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि मंगलवार को राज्य में कहीं-कहीं घना से अतिघना कोहरा एवं शीत दिन दर्ज किया गया है। अधिकांश शहरों में अधिकतम तापमान सामान्य से 2 से 8 डिग्री नीचे दर्ज किया गया। वहीं अधिकांश शहरों का न्यूनतम तापमान 5 से 10 डिग्री और अधिकतम तापमान 14 से 26 डिग्री दर्ज किया गया। राज्य में आगामी एक सप्ताह मौसम शुष्क रहने तथ आगामी 2-3 दिन राज्य के कुछ भागों में सुबह घना या अतिघना कोहरे के साथ शीत दिन दर्ज होने की संभावना है। आगामी दो-तीन दिन न्यूनतम तापमान में एक से दो डिग्री की गिरावट आने और उत्तरी भागों में शीतलहर चलने की संभावना है।
जयपुर में छाया घना कोहरा, 4 डिग्री बढ़ा दिन का पारा
जयपुर में सुबह मध्यम गति की सर्द हवाएं चली और घना कोहरा छाया रहा। जयपुर शहर में सुबह 10 बजे तक और ग्रामीण इलाकों में दोपहर 1 बजे तक घना कोहरा छाया रहा। घने कोहरे के चलते विजिबिलिटी 50 मीटर से कम दर्ज की गई। सर्द हवाओं ने आमजन को ठिठुरा कर रख दिया। सर्दी से बचने के लिए लोग अलाव तापते नजर आए। दिन में धूप खिली, लेकिन आमजन को सर्दी से राहत नहीं मिली। धूप खिलने से जयपुर के दिन के तापमान में 4 डिग्री तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई। जयपुर का अधिकतम तापमान 18.5 और न्यूनतम तापमान 6.8 डिग्री दर्ज किया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश

