तेईस मामलों में जब्त 1.80 करोड़ के मादक पदार्थ नष्ट

WhatsApp Channel Join Now
तेईस मामलों में जब्त 1.80 करोड़ के मादक पदार्थ नष्ट


जयपुर, 14 अगस्त (हि.स.)। नशे के अवैध कारोबार और मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जयपुर पुलिस पश्चिम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एनडीपीएस एक्ट के 23 मामलों में जब्त मादक पदार्थों को विधिसम्मत प्रक्रिया के तहत नष्ट कर दिया। आठ थानों से जब्त किए गए इन मादक पदार्थों की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 1.80 करोड़ रुपये बताई गई है। पुलिस ने स्मैक, एमडी, गांजा और हजारों नशीली गोलियां-कैप्सूल भट्टी में जलाकर नष्ट किए।

पुलिस उपायुक्त पश्चिम प्रशांत किरण ने बताया कि पुलिस महानिदेशक राजस्थान की ओर से 13 अगस्त 2026 को चलाए गए व्यापक विनिष्टीकरण अभियान और पुलिस आयुक्त जयपुर के निर्देशों की पालना में यह कार्रवाई की गई।

जिला पश्चिम के चौमूं, भांकरोटा, मुरलीपुरा, बगरू, कालवाड़, वैशालीनगर, दौलतपुरा और खोरा बीसल थानों में एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज 23 मामलों में जब्त मादक पदार्थों का निस्तारण किया गया।

पुलिस के अनुसार नष्ट किए गए मादक पदार्थों में 66.58 ग्राम स्मैक, 30.31 ग्राम एमडी, 45 किलोग्राम गांजा और 37,288 नशीली टैबलेट-कैप्सूल शामिल हैं। इनकी कुल अनुमानित बाजार कीमत करीब 1 करोड़ 80 लाख रुपए है।

पुलिस ने कहा कि जब्त मादक पदार्थों का विधिसम्मत तरीके से विनिष्टीकरण नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। पुलिस ने आमजन से अपील की कि मादक पदार्थों की तस्करी या किसी अन्य अवैध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें, ताकि नशे के कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story