डॉक्टर्स डे पर रन फॉर हेल्थ मैराथन में दिया स्वस्थ जीवनशैली का संदेश
जयपुर, 05 जुलाई (हि.स.)। डॉक्टर्स डे के अवसर पर जयपुर एसोसिएशन ऑफ रेजीडेंट डॉक्टर्स (जार्ड) की ओर से पहली बार 'रन फॉर हेल्थ' मैराथन का आयोजन किया गया। इसका उद्देश्य आमजन को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना और नियमित व्यायाम व स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था।
मैराथन को एसएमएस मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. दीपक माहेश्वरी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान अतिरिक्त अधीक्षक डॉ. गिरधर गोयल, सीनियर प्रोफेसर डॉ. धीरज जैफ, डॉ. पी.सी. मीणा, डॉ. एन.सी. पूनिया सहित जार्ड के पदाधिकारी एवं चिकित्सा जगत से जुड़े कई वरिष्ठ चिकित्सक मौजूद रहे।
मैराथन में सीनियर व जूनियर रेजीडेंट्स, एमबीबीएस छात्र-छात्राओं, मेडिकल कॉलेज के फैकल्टी सदस्यों और विभिन्न निजी अस्पतालों के डॉक्टरों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी प्रतिभागियों ने स्वस्थ भारत के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
जार्ड के अध्यक्ष डॉ. राजपाल सिंह मीना ने बताया कि एसोसिएशन की ओर से इस प्रकार की मैराथन का पहली बार आयोजन किया गया, जिसे चिकित्सा समुदाय का व्यापक सहयोग मिला। उन्होंने कहा कि आयोजन की सफलता को देखते हुए भविष्य में भी स्वास्थ्य जागरूकता के लिए ऐसे कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

