डूंगरपुर नगर परिषद के दो वार्डों में मतदान से पहले भाजपा की जीत तय

WhatsApp Channel Join Now
डूंगरपुर नगर परिषद के दो वार्डों में मतदान से पहले भाजपा की जीत तय


डूंगरपुर नगर परिषद के दो वार्डों में मतदान से पहले भाजपा की जीत तय


डूंगरपुर नगर परिषद के दो वार्डों में मतदान से पहले भाजपा की जीत तय


डूंगरपुर, 02 सितंबर (हि.स.)। डूंगरपुर नगर परिषद चुनाव में दो वार्डों में मतदान से पहले ही भाजपा प्रत्याशियों का निर्विरोध निर्वाचन तय हो गया है। वार्ड संख्या 23 में कांग्रेस प्रत्याशी का नामांकन खारिज होने और वार्ड संख्या 28 में कांग्रेस प्रत्याशी के नामांकन वापस लेने के बाद दोनों वार्डों में भाजपा प्रत्याशी ही मैदान में रह गए हैं।

वार्ड संख्या 28 से कांग्रेस प्रत्याशी प्रतीक बलात ने बुधवार को निर्धारित प्रक्रिया के तहत रिटर्निंग अधिकारी के समक्ष अपना नामांकन वापस ले लिया। इसके बाद भाजपा प्रत्याशी चेतन खराड़ी ही एकमात्र उम्मीदवार रह गए हैं। उनका निर्विरोध निर्वाचन होना तय है।

इससे एक दिन पहले मंगलवार को नामांकन पत्रों की संवीक्षा के दौरान वार्ड संख्या 23 से कांग्रेस प्रत्याशी गणेश कटारा का नामांकन निरस्त कर दिया गया था। इसके बाद भाजपा प्रत्याशी मनन कलासुआ के सामने कोई वैध प्रत्याशी नहीं बचा। मनन कलासुआ निवर्तमान सभापति अमृत कलासुआ के पुत्र हैं।

दोनों वार्डों में भाजपा प्रत्याशियों के निर्विरोध निर्वाचन की स्थिति बनने के बाद पार्टी कार्यालय में कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। संगठन प्रभारी वीरेन्द्र सिंह चौहान, जिलाध्यक्ष अशोक पटेल रणोली, जिला महामंत्री पंकज जैन, नगर मंडल अध्यक्ष नयन सुथार सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारियों ने मनन कलासुआ और चेतन खराड़ी का साफा एवं फूल-माला पहनाकर स्वागत किया।

निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार नामांकन वापस लेने की अंतिम तिथि 3 सितंबर को अपराह्न तीन बजे तक है। इसके बाद नगर परिषद के शेष 38 वार्डों में चुनावी मुकाबले की स्थिति स्पष्ट होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष

Share this story