डीग में मावठ, सर्दी-कोहरे का डबल अटैक
जयपुर, 08 जनवरी (हि.स.)। प्रदेश में सर्दी और कोहरे का डबल अटैक जारी है। गुरुवार को डीग में हल्की बारिश दर्ज की गई। प्रदेश के 8 शहरों का रात का पारा 5 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया तो वहीं श्रीगंगानगर और करौली का दिन का पारा 15 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया। राज्य में आगामी एक सप्ताह मौसम शुष्क रहने तथा आगामी 1-2 दिन राज्य के कुछ भागों में सुबह के समय घना या अतिघना कोहरे के साथ शीत दिन दर्ज होने की संभावना है। पूर्वी राजस्थान में कहीं-कहीं पर अतिशीत दिन आगामी एक-2 दिन दर्ज होने की संभावना है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार डीग में बुधवार रात से ही मौसम बदला और बूंदाबांदी शुरू हो गई थी। गुरुवार सुबह-सुबह रिमझिम बारिश हुई। इसके साथ ही घना कोहरा छा गया। विजिबिलिटी 30 मीटर से भी कम रह गई है। शुक्रवार को 16 जिलों में कोहरे का येलो अलर्ट है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के 28 शहरों का रात का तापमान 10 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया। 2.5 डिग्री के साथ सीकर की रात और 11.2 डिग्री के साथ करौली का दिन सबसे सर्द रहा। सीकर के अलावा जैसलमेर का न्यूनतम तापमान 3.3, अलवर का 4, जयपुर का 4.4, वनस्थली और माउंट आबू का 4.6 डिग्री दर्ज किया गया। श्रीगंगानगर का अधिकतम तापमान 12.3 डिग्री दर्ज किया गया। चित्तौडग़ढ़ और डूंगरपुर को छोड़कर बाकी शहरों का रात का पारा 10 डिग्री से नीचे रहा। 24.4 डिग्री के साथ जवाई डेम का दिन और 11.2 डिग्री के साथ डूंगरपुर की रात सबसे गर्म रही। सीकर, कोटा, जैसलमेर, करौली, अलवर सहित तमाम जिलों में भी गुरुवार सुबह कोहरा रहा। इससे गाडिय़ों की रफ्तार थम गई थी। कोहरे का असर ट्रेनों के संचालन पर भी पड़ा है। कई रूट की गाडिय़ां एक से तीन घंटे देरी से चली।
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि राज्य में मौसम शुष्क रहा साथ ही राज्य के कुछ भागों में घना से अति घना कोहरा, शीत लहर व अति शीत दिन दर्ज किए गए है। आगामी दो-तीन दिनों में न्यूनतम तापमान में हल्की गिरावट होने व राज्य के उत्तरी भागों में शीतलहर की संभावना है। राज्य में आगामी एक सप्ताह मौसम शुष्क रहने तथा आगामी 1-2 दिन राज्य के कुछ भागों में सुबह के समय घना या अतिघना कोहरे के साथ शीत दिन दर्ज होने की संभावना है। पूर्वी राजस्थान में कहीं-कहीं पर अतिशीत दिन आगामी एक-2 दिन दर्ज होने की संभावना है। द्वितीय सप्ताह के दौरान राज्य के मौसम शुष्क रहने की संभावना है। दूसरे सप्ताह में 1-2 दिन राज्य के कुछ भागों में घने से अतिघना कोहरा दर्ज होने की संभावना है। इस दौरान दृश्यता 100 मीटर से भी कम कहीं-कहीं दर्ज की जा सकती है।
जयपुर में सीजन की सबसे सर्द रात
जयपुर में बुधवार को इस सीजन की सबसे सर्द रात दर्ज की गई। जयपुर के रात के पारे में 1.8 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। जयपुर में गुरुवार को सुबह 10 बजे बाद धूप खिली, इससे दिन के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। जयपुर में गुरुवार को घना कोहरा छाया रहा। जयपुर का अधिकतम तापमान 19 और न्यूनतम तापमान 4.4 डिग्री दर्ज किया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश

