जोधपुर में धूप निकलने के बावजूद शीत लहर से ठिठुरे लोग : जनजीवन प्रभावित
जोधपुर, 3 जनवरी (हि.स.)। शहर में पश्चिमी विक्षोभ का असर खत्म होने के कारण मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। शहर में धूप निकलने के बावजूद ठंडी हवा के चलते ठिठुरन कम नहीं हो रही। दोपहर में भी सर्दी का अहसास हो रहा है। मौसम विभाग ने तापमान में गिरावट का अनुमान जताया है। शहर में आज दोपहर अधिकतम तापमान 20.9 डिग्री पहुंच गया। वहीं न्यूनतम तापमान 10.8 डिग्री सेल्सियस रहा।
बता दे कि पश्चिमी विक्षोभ का असर गुरुवार को समाप्त होने के बाद शहर में मौसम बदलने लगा था। गुरुवार रात से ही ठंडी हवा चलने लगी थीं। आज भी सुबह से दोपहर तक ठिठुरन का असर देखने को मिला दिन निकलने के साथ तेज धूप तो निकली, लेकिन उत्तरी हवाओं की वजह से ठिठुरन का असर कम नहीं हुआ। इसके चलते दोपहर में भी सर्दी का अहसास हो रहा था। मौसम विभाग के मुताबिक न्यूनतम तापमान में गिरावट और अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी की संभावना है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

