जैसलमेर स्टेशन पर आधुनिक अनुरक्षण सुविधाओं का विस्तार, 128 करोड़ की परियोजना पूर्ण
जयपुर, 29 मार्च (हि.स.)। उत्तर पश्चिम रेलवे ने जैसलमेर रेलवे स्टेशन पर ट्रेन अनुरक्षण सुविधाओं के विस्तार के तहत ट्रिप शेड, कोचिंग मेंटेनेंस सुविधाएं, व्हील लेथ लाइन और सिग्नलिंग कार्य का नॉन-इंटरलॉकिंग (एनआई) के साथ सफलतापूर्वक कमीशनिंग कर दी है।
मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि महाप्रबंधक अमिताभ के निर्देशन में कोचिंग मेंटेनेंस डिपो से जुड़े सभी कार्य पूरे किए गए हैं, जिससे स्थानीय रेल अवसंरचना को मजबूती मिलेगी और भविष्य में अधिक ट्रेनों का संचालन संभव हो सकेगा।
जैसलमेर में अनुरक्षण सुविधाओं के विस्तार के लिए 128.25 करोड़ रुपये की लागत से यह परियोजना स्वीकृत की गई थी। इसके तहत व्हील लेथ लाइन, इलेक्ट्रिक लोको ट्रिप शेड सहित विभिन्न तकनीकी सुविधाएं विकसित की गई हैं। परियोजना के अंतर्गत 4.8 ट्रैक किलोमीटर नया ट्रैक बिछाया गया, जिससे कुल प्रभावी लंबाई 8.2 ट्रैक किलोमीटर हो गई। इसके अलावा 16 नए टर्नआउट लगाए गए और 650 एटी वेल्डिंग कार्य पूर्ण किए गए। अवसंरचना विकास के तहत 2400 वर्ग मीटर का मुख्य शेड और 1600 वर्ग मीटर के सहायक भवन भी तैयार किए गए हैं।
ट्रैक्शन डिस्ट्रीब्यूशन के तहत विद्युत व्यवस्था को सुदृढ़ किया गया है और टावर वैगन साइडिंग की सुविधा भी जोड़ी गई है। सिग्नल एवं दूरसंचार कार्यों के अंतर्गत एनआई के साथ सिग्नलिंग प्रणाली को उन्नत किया गया, जिससे स्टेशन पर रूट्स की संख्या 56 से बढ़कर 108 हो गई है। साथ ही एक लेवल क्रॉसिंग को समाप्त किया गया है। नई सुविधाओं के शुरू होने से कोचों के रखरखाव की क्षमता में वृद्धि होगी और उच्च गुणवत्ता वाले प्राथमिक अनुरक्षण तथा सुरक्षा निरीक्षण सुनिश्चित हो सकेगा। इससे रेल संचालन की विश्वसनीयता और सुरक्षा में भी सुधार आएगा तथा क्षेत्र में नई ट्रेनों के संचालन की संभावनाएं बढ़ेंगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश

