जिला अस्पताल में ऑर्थोपेडिक वार्ड का शुभारंभ

WhatsApp Channel Join Now
जिला अस्पताल में ऑर्थोपेडिक वार्ड का शुभारंभ


धौलपुर, 20 मार्च (हि.स.)। धौलपुर के जिला अस्पताल में शुक्रवार को ऑर्थोपेडिक वार्ड का शुभारंभ हुआ। जिला कलक्टर श्रीनिधि बीटी ने फीता काटकर वार्ड का विधिवत उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि इस नए वार्ड के शुरू होने से जिले के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। विशेष रूप से दुर्घटना एवं हड्डी संबंधी समस्याओं से पीड़ित मरीजों को अब बेहतर और त्वरित उपचार उपलब्ध होगा।

जिला अस्पताल के पीएमओ डॉ. समरवीर सिंह ने बताया कि नवस्थापित ऑर्थोपेडिक वार्ड को जिला अस्पताल की चौथी मंजिल पर विकसित किया गया है। इसका उद्देश्य हड्डी से जुड़ी बीमारियों और दुर्घटनाओं में घायल मरीजों को एक समर्पित, सुव्यवस्थित और त्वरित उपचार सुविधा उपलब्ध कराना है। अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. मुनेन्द्र गर्ग को वार्ड का प्रभारी नियुक्त किया गया है। इस वार्ड में फ्रैक्चर मरीजों के लिए प्लास्टर की सुविधा भी एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई गई है। पहले मरीजों को अन्य विभागों के चक्कर लगाने पड़ते थे, लेकिन अब सभी आवश्यक सेवाएं एक ही छत के नीचे मिलने से समय की बचत होगी और उपचार प्रक्रिया अधिक सुगम बनेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रदीप

Share this story