जिम में संचालक ने ही हिडन कैमरे लगाकर महिलाओं की निजता को किया कैद

WhatsApp Channel Join Now
जिम में संचालक ने ही हिडन कैमरे लगाकर महिलाओं की निजता को किया कैद


जिम संचालक की पत्नी ने ही पुलिस में दी रिपोर्ट

अजमेर, 16 मई(हि.स.)। राजस्थान के अजमेर जिले के किशनगढ़ उपखंड में एक जिम संचालक द्वारा जिम परिसर के अंदर कथित रूप से हिडन कैमरे लगा कर महिलाओं के निजी और अश्लील वीडियो व तस्वीरें रिकॉर्ड कर उन्हें ब्लैकमेल करने का मामला सामने आया है।

जिम संचालक और उसके साथियों के खिलाफ जिम संचालक की पत्नी ने ही पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई है।

मीडिया से बात करते हुए पुलिस अधीक्षक,अजमेर हर्षवर्धन अग्रवाला ने बताया कि मदनगंज किशनगढ़ थाना पुलिस को जिम संचालक की पत्नी ने ही रिपोर्ट दी है कि उसके पति ने जिम में हिडन कैमरे लगा रखे हैं जिसके जरिए वह महिलाओं के निजी और अश्लील वीडियो व तस्वीरें रिकॉर्ड कर उन्हें ब्लैकमेल करता है। पत्नी ने आरोप लगाया कि उसके पति ने उसके भी अश्लील वीडियो लिए हुए हैं। उसने रिपोर्ट में बताया कि यह जानकारी उसे तब पता चली जब उसने अपने पति का मोबाइल किन्ही वजह से जांच लिया।

किशनगढ़ में महिलाओं की निजता और सुरक्षा से जुड़े इस बेहद गंभीर मामले के सामने आने के बाद प्रकरण की संवेदनशीलता को देखते हुए उन्होंने स्वयं पूरे मामले की मॉनिटरिंग शुरू की है। अधिकारियों से अब तक की जांच, दर्ज बयानों और जुटाए गए साक्ष्यों की विस्तृत जानकारी ली पुलिस अधीक्षक का कहना है कि मामले में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जल्द कार्यवाही होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष

Share this story