जानकी नवमी पर 47 जोड़े बने जीवनसाथी: सामूहिक विवाह सम्मेलन में दिखी सामाजिक समरसता

WhatsApp Channel Join Now
जानकी नवमी पर 47 जोड़े बने जीवनसाथी: सामूहिक विवाह सम्मेलन में दिखी सामाजिक समरसता


जयपुर, 25 अप्रैल (हि.स.)। जानकी नवमी के पावन अवसर पर अम्बाबाड़ी स्थित उच्च माध्यमिक बालिका आदर्श विद्या मंदिर में सेवा भारती समिति के तत्वावधान में 15वां सर्वजातीय सामूहिक विवाह सम्मेलन हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। समारोह में एक ही मंडप के नीचे 15 विभिन्न समाजों के 47 जोड़े वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ परिणय सूत्र में बंधे, जिनमें 7 अंतर्जातीय विवाह भी शामिल रहे।

विवाह से पूर्व मेहंदी, हल्दी और महिला संगीत सहित सभी पारंपरिक रस्में संपन्न करवाई गईं। आयोजन में सभी वधुओं को सेवा भारती समिति की ओर से एक समान जरीदार वेशभूषा उपलब्ध करवाई गई तथा उनका श्रृंगार महिला मेकअप आर्टिस्ट द्वारा किया गया।

बारात विद्याधर नगर स्थित महादेव मंदिर से बैंड-बाजों और सेवा भारती की पताकाओं के साथ निकली। दूल्हे घोड़ियों पर सवार होकर मंडप तक पहुंचे, जहां तोरण और वरमाला की रस्में पारंपरिक तरीके से संपन्न हुईं। इसके बाद वैदिक रीति से सात फेरे करवाए गए। सम्मेलन में लगभग 500 कार्यकर्ताओं ने श्रमदान किया, वहीं 5000 से अधिक अतिथियों ने देसी घी से बने भोजन का प्रसाद ग्रहण किया।

प्रचार मंत्री ऋतु चतुर्वेदी ने बताया कि नवविवाहित जोड़ों को घरेलू उपयोग की सामग्री जैसे पलंग, पंखा, आलमारी, बर्तन, सिलाई मशीन, कूलर, गैस चूल्हा, प्रेस, घड़ी, साड़ियां, बेडिंग सामग्री, इलेक्ट्रिक केतली, कंबल, कारपेट, धार्मिक पुस्तकें और तुलसी का पौधा उपहार स्वरूप प्रदान किया गया। साथ ही नथ, पायल, बिछुए और गले के आभूषण भी भेंट किए गए। समारोह में राम रीछपाल दास महाराज (त्रिवेणी धाम), वेदांती हरि शंकर दास महाराज (सियाराम दास की बगीची) और महामंडलेश्वर मनोहरदास महाराज (चिंताहरण काले हनुमान मंदिर, मानसरोवर) ने वर-वधुओं को आशीर्वाद प्रदान किया।

कार्यक्रम में महिलाओं की विशेष भागीदारी रही, जिनके समन्वय का श्रेय प्रांत अध्यक्ष सुमन बंसल को दिया गया। मंच संचालन महेंद्र भारती, नवल बगड़िया, गिरधारी लाल शर्मा, प्रताप सिंह राजावत, हरिकिशन गोयल, विष्णुदत्त शर्मा, हनुमान सिंह भाटी और एस.पी. शर्मा ने किया। समारोह में नगर निगम द्वारा नवविवाहित जोड़ों को विवाह प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए। कार्यक्रम में प्रांत प्रचारक बाबूलाल, प्रांत संगठन मंत्री द्वारका प्रसाद, सांसद मंजू शर्मा और विधायक बालमुकुंद आचार्य सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story