जर्जर विद्यालय भवन से छात्राओं की सुरक्षा पर संकट
डूंगरपुर, 08 जुलाई (हि.स.)। जिले के गेंजी गांव स्थित महात्मा गांधी उच्च माध्यमिक बालिका विद्यालय का भवन जर्जर होने से छात्राओं और स्टाफ की सुरक्षा पर गंभीर संकट खड़ा हो गया है। भवन की खस्ताहाल छतों और दीवारों के कारण विद्यालय में हर समय दुर्घटना की आशंका बनी हुई है। इसे लेकर अभिभावकों और ग्रामीणों में चिंता और नाराजगी है।
भवन की खराब स्थिति को देखते हुए छात्राओं को विद्यालय परिसर के बाहर अस्थायी टीन शेड में बैठाकर पढ़ाया जा रहा है। वहीं पहली से सातवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों को एक ही कक्ष में अध्ययन करना पड़ रहा है। विद्यालय का प्रधानाचार्य कक्ष भी जर्जर हो चुका है, जिससे स्टाफ की सुरक्षा पर भी खतरा बना हुआ है।
बुधवार को समाजसेवी अनिल जैन के नेतृत्व में ग्रामीणों के एक प्रतिनिधिमंडल ने विद्यालय का निरीक्षण किया। इसके बाद प्रतिनिधिमंडल ने क्षेत्र के सांसद राजकुमार रोत और संबंधित अधिकारियों से दूरभाष पर चर्चा कर विद्यालय भवन के शीघ्र पुनर्निर्माण तथा वैकल्पिक व्यवस्था की मांग की।
निरीक्षण के दौरान राजेंद्र कुमार लखारा, हितेश कलाल, जीवा भाई यादव, वार्ड पंच भंवरलाल कटारा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और अभिभावक मौजूद रहे। उन्होंने सरकार और शिक्षा विभाग से जर्जर भवन को तत्काल उपयोग से बाहर कर सुरक्षित नए भवन की स्वीकृति देने की मांग की।ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते आवश्यक कार्रवाई नहीं की गई और कोई अप्रिय घटना होती है, तो इसकी जिम्मेदारी शिक्षा विभाग और स्थानीय प्रशासन की होगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष

