जयपुर सहित 10 शहरों में आंधी-बारिश, अजमेर-नागौर में गिरे ओले

WhatsApp Channel Join Now
जयपुर सहित 10 शहरों में आंधी-बारिश, अजमेर-नागौर में गिरे ओले


जयपुर, 01 जून (हि.स.)। प्रदेश में नए पश्चिम विक्षोभ सक्रिय होने के चलते आंधी-बारिश का दौर लगातार जारी है। सोमवार को जयपुर सहित करीब 10 शहरों में आंधी के साथ हल्की से मध्यम बारिश देखने को मिली। अजमेर, नागौर और चित्तौडग़ढ़ में ओले गिरे। 3 जून को एक और नया पश्चिम विक्षोभ सक्रिय होने से आंधी-बारिश का यह दौर इस पूरे सप्ताह देखने को मिलेगा। हालांकि बादल छाए रहने के कारण प्रदेश के अधिकांश शहरों के तापमान में उछाल देखा गया है। सोमवार को प्रदेश के 5 शहरों का अधिकतम तापमान 40 डिग्री से अधिक दर्ज किया गया। 43.8 डिग्री के साथ फलौदी का दिन और 31 डिग्री के साथ जालौर की रात सबसे गर्म रही।

मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को वेस्टर्न डिस्टर्बेंस एक्टिव होने से सवाई माधोपुर, कोटा, चित्तौडग़ढ़, अजमेर, नागौर, जोधपुर, पाली, जयपुर और अलवर जिले में बारिश हुई। अजमेर, नागौर और चित्तौडग़ढ़ में ओले भी गिरे। सोमवार को अजमेर में 12.6, वनस्थली में 11, चित्तौडग़ढ़ में 20 और नागौर में 13 मिमी बारिश दर्ज की गई। फलोदी के अलावा बाड़मेर, जैसलमेर, बीकानेर और श्रीगंगानगर का दिन का पारा 40 डिग्री से अधिक दर्ज किया गया।

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि सोमवार को एक परिसंचरण तंत्र उत्तर-पूर्वी राजस्थान व एक अन्य दक्षिण-पश्चिमी राजस्थान व आसपास के क्षेत्र के ऊपर बना रहा। इसके असर से बीकानेर, अजमेर, जयपुर, भरतपुर, जोधपुर, कोटा, भरतपुर संभाग के कुछ भागों में माध्यम से तेज मेघगर्जन आंधी (40-50 किमी प्रतिघंटा) के साथ हल्की से मध्यम बारिश व कहीं-कहीं ओलावृष्टि दर्ज की गई। मेघगर्जन के साथ आंधी-बारिश की गतिविधियां राज्य के कुछ भागों में आगामी एक सप्ताह जारी रहने की प्रबल संभावना है। 3-4 जून को एक और बैक टू बैक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से एक बार पुन: बीकानेर, जयपुर, भरतपुर, अजमेर संभाग के कुछ भागों में तेज आंधी बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होने की प्रबल संभावना है। इस दौरान कहीं-कहीं कहीं तेज अंधड़ (हवा की गति 60-70 किमी प्रतिघंटा) के साथ बारिश होने की संभावना है। आंधी बारिश के प्रभाव से आगमी एक सप्ताह अधिकांश भागों में अधिकतम तापमान 45 डिग्री से नीचे दर्ज होने व हीटवेव से राहत बने रहने की प्रबल संभावना है। रविवार को राज्य के पूर्वी भाग में कहीं-कहीं पर हल्की से मध्यम वर्षा और पश्चिमी भाग में कही कही पर हल्की बारिश दर्ज की गई । सर्वाधिक बारिश रेलमगरा (राजसमन्द) में 23 मिलीमीटर दर्ज की गई।

जयपुर में रविवार देर रात से ही आसमान में काले घने बादल नजर आने लगे। सोमवार को दिन में भी दोपहर बादल काले घने बादल छाए और हवा के साथ कुछ स्थानों पर हल्की बारिश दर्ज की गई। बादल छाए रहने से जयपुर के दिन के तापमान में 2.4 और रात के तापमान में 5.2 डिग्री का उछाल दर्ज किया गया। जयपुर का अधिकतम तापमान 38 और न्यूनतम तापमान 26.6 डिग्री दर्ज किया गया। जयपुर में आंधी-बारिश का यह दौरान इस पूरे सप्ताह देखने को मिल सकता है। इससे आमजन को तेज गर्मी से नहीं जूझना पड़ेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश

Share this story