जयपुर में स्वदेशी का महाकुंभ: मुख्यमंत्री ने किया राष्ट्रीय परिषद का उद्घाटन

WhatsApp Channel Join Now
जयपुर में स्वदेशी का महाकुंभ: मुख्यमंत्री ने किया राष्ट्रीय परिषद का उद्घाटन


जयपुर, 06 मार्च (हि.स.)। जगतपुरा स्थित वरमाला रिसॉर्ट में स्वदेशी जागरण मंच के तत्वावधान में तीन दिवसीय राष्ट्रीय परिषद बैठक का राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा द्वारा किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रदर्शनी का उद्घाटन कर स्वदेशी उत्पादों और नवाचारों का अवलोकन किया।

वैश्विक आर्थिक युद्ध और भारत की संप्रभुता के उद्घाटन सत्र में विशेषज्ञों ने वैश्विक परिदृश्य पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि आज दुनिया आपसी युद्ध और आर्थिक झगड़ों की त्रासदी से गुजर रही है। चर्चा के दौरान यह रेखांकित किया गया कि विश्व व्यापार संगठन (डब्लूटीओ) जैसी संस्थाएं अब बड़ी शक्तियों के हाथों का खिलौना बनकर रह गई, जहां व्यापार नियमों को विकासशील देशों के विरुद्ध हथियार के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा है। मंच ने स्पष्ट किया कि टैरिफ और सेमीकंडक्टर जैसी तकनीकों के माध्यम से भारत जैसी उभरती अर्थव्यवस्थाओं को अधीन करने का प्रयास किया जा रहा है। जिसका जवाब केवल 'स्वदेशी' और 'आत्मनिर्भरता' ही भारत है।

प्रांत के समन्वयक लोकेंद्र सिंह ने बताया कि बैठक में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) को लेकर एक दूरगामी दृष्टिकोण साझा किया गया। इसे केवल बेरोजगारी बढ़ाने वाली तकनीक मानने के बजाय, मंच ने इसे जनकल्याण के साधन के रूप में अपनाने पर जोर दिया। चर्चा का मुख्य बिंदु यह रहा कि भारत को एआई के क्षेत्र में एक ऐसी शक्ति बनना चाहिए जो डिजिटल पब्लिक इन्फ्रास्ट्रक्चर (डीपीआई) के माध्यम से समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक लाभ पहुंच सके।

स्वदेशी जागरण मंच ने पश्चिमी जीडीपी-केंद्रित विकास मॉडल को जलवायु परिवर्तन, बढ़ती असमानता और पलायन जैसी समस्याओं का मुख्य कारण बताया। इसके विकल्प के रूप में एक ऐसे भारतीय जीवन मूल्यों पर आधारित मॉडल' का प्रस्ताव रखा गया जो केवल विकास के आंकड़ों पर नहीं बल्कि संसाधनों के उचित वितरण पर केंद्रित हो। मानव और प्रकृति के बीच जैविक संबंध को स्वीकार करते हुए पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखे तथा विकेंद्रीकृत उत्पादन पद्धति को बढ़ावा दे ताकि शोषण-रहित समाज का निर्माण हो सके।

इस अवसर पर मंच के राष्ट्रीय संयोजक आर. सुंदरम ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। मुख्य वक्ता राष्ट्रीय संगठक के कश्मीरी लाल ने डब्लूटीओ के असमान समझौतों और भारत की आर्थिक स्वतंत्रता की रक्षा पर विस्तृत व्याख्यान दिया। विशिष्ट अतिथि के रूप में शिक्षा एवं पंचायत राज मंत्री मदन दिलावर, गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म और जयपुर प्रांत के संघचालक महेन्द्र सिंह मग्गो ने भी अपने विचार साझा किए।

इस मौके पर आयोजन समिति के प्रांत समन्वयक लोकेंद्र सिंह नरुका, प्रांत संयोजक सुरेंद्र कुमार नामा ने बताया कि अगले दो दिनों तक विभिन्न सत्रों में देशभर से आए 400 प्रतिनिधि युवा और स्वरोजगार तथा डिजिटल स्वदेशी जैसे विषयों पर प्रस्ताव पारित करेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story