जयपुर में दशहरे की धूम, 121 फीट के रावण से लेकर 51 फीट के पुतले तक का दहन

WhatsApp Channel Join Now
जयपुर में दशहरे की धूम, 121 फीट के रावण से लेकर 51 फीट के पुतले तक का दहन


जयपुर, 20 अक्टूबर (हि.स.)। विजयादशमी पर मंगलवार को गुलाबी नगरी में दशहरे का पर्व धूमधाम से मनाया गया। शहर के विभिन्न दशहरा मैदानों में रावण दहन के आयोजन हुए। विद्याधर नगर स्टेडियम में 121 फीट, आदर्श नगर दशहरा मैदान में 105 फीट और मानसरोवर के मेला मैदान में 70 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया गया। आदर्श नगर में 90 फीट ऊंचे कुंभकर्ण के पुतले का भी दहन हुआ। रावण दहन के दौरान रंग-बिरंगी आतिशबाजी से आसमान रोशन हो उठा। जगह-जगह आयोजित कार्यक्रमों में हजारों लोगों ने भाग लेकर बुराई पर अच्छाई की जीत का पर्व मनाया।

आदर्श नगर में आयोजित दशहरा महोत्सव में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि विद्याधर नगर में उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने शिरकत की। शहर के विभिन्न क्षेत्रों में मेले, सांस्कृतिक कार्यक्रम और धार्मिक आयोजनों के जरिए दशहरे की रौनक देखने को मिली।

विद्याधर नगर स्टेडियम में वीडीएन फाउंडेशन की ओर से दशहरा मेले का आयोजन किया गया। यहां 121 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन हुआ। रावण दहन देखने के लिए शहर के अलग-अलग इलाकों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। मेले में बच्चों के लिए झूले और खेल गतिविधियों की व्यवस्था की गई। परिवारों ने मेले में खरीदारी और मनोरंजन का आनंद लिया। रावण दहन के साथ करीब 40 मिनट तक सतरंगी आतिशबाजी की गई।

आदर्श नगर दशहरा मैदान में श्री राम मंदिर प्रन्यास एवं श्री सनातन धर्म सभा की ओर से दशहरा महोत्सव आयोजित किया गया। शाम 7:30 बजे 105 फीट ऊंचे रावण और 90 फीट ऊंचे कुंभकर्ण के पुतलों का दहन किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा मुख्य अतिथि रहे, जबकि सांसद मंजू शर्मा ने अध्यक्षता की। मैदान में बच्चों के लिए झूले और खानपान की दुकानें भी लगाई गईं।

रावण दहन से पहले हुई आतिशबाजी आकर्षण का केंद्र रही। रंगीन रोशनी के बीच नियाग्रा फॉल जैसे झरने का दृश्य दिखाई दिया। आसमान से चमकीली अशर्फियां बरसती नजर आईं। हवाई मछलियों और ऑक्टोपस जैसी आकृतियों वाली आतिशबाजी ने दर्शकों का ध्यान खींचा। रावण के पुतले की आंखों से शोले, मुंह से आग के गोले और तलवार-ढाल से चिंगारियां निकलने का दृश्य भी देखने को मिला। भगवान श्रीराम के स्वरूप की ओर से नाभि पर अग्निबाण चलाने के साथ रावण दहन शुरू हुआ।

इससे पहले दोपहर तीन बजे श्री राम मंदिर से शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा पंचवटी सर्किल, राजा पार्क चौराहा, ध्रुव मार्ग, लक्ष्मी नारायण मंदिर, 20 दुकान, बर्फखाना और पुलिया नंबर एक होते हुए दशहरा मैदान पहुंची। रावण दहन के बाद श्री राम मंदिर में भगवान श्रीराम का राजतिलक किया गया।

मानसरोवर के अरावली मार्ग स्थित मेला मैदान में सद्भावना परिवार फाउंडेशन की ओर से दो दिवसीय सद्भावना दशहरा महोत्सव आयोजित किया गया। दूसरे दिन मंगलवार को 70 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया गया। आयोजन में सांस्कृतिक संध्या भी रखी गई। भजमन बीट्स बैंड ने पारंपरिक भजनों को आधुनिक संगीत के साथ प्रस्तुत किया। आयोजकों ने बताया कि महोत्सव का उद्देश्य लोगों के बीच प्रेम, सद्भाव और भाईचारे की भावना को बढ़ावा देना है।

रजनी विहार दशहरा मैदान में रजनी विहार विकास समिति के तत्वावधान में 51 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया गया। कार्यक्रम में पांच हजार से अधिक लोग शामिल हुए। सुबह बच्चों के लिए चम्मच दौड़, रस्सीकूद, मेहंदी, बिना ईंधन के पाक कला और रंगोली जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें 300 से अधिक बच्चों ने भाग लिया। विजेताओं को पुरस्कार और अन्य प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार दिए गए।

जयपुर में विद्याधर नगर, आदर्श नगर, मानसरोवर और रजनी विहार के अलावा मालवीय नगर सेक्टर-9, न्यू गेट स्थित रामलीला मैदान, खोले के हनुमानजी मंदिर, कृष्ण बलराम मंदिर परिसर और चित्रकूट स्टेडियम, वैशाली नगर में भी दशहरा उत्सव आयोजित किए गए। इन आयोजनों में रावण दहन, आतिशबाजी और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए विजयादशमी का पर्व मनाया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

764060 Articles

Share this story