जयपुर में अखिल भारतीय मठ-पीठाधीश्वर समागम एवं शास्त्र संरक्षण समारोह का आयोजन 27 काे

WhatsApp Channel Join Now
जयपुर में अखिल भारतीय मठ-पीठाधीश्वर समागम एवं शास्त्र संरक्षण समारोह का आयोजन 27 काे


जयपुर, 25 फ़रवरी (हि.स.)। श्रीमद् जगद्गुरु अग्रमलूक द्वारा द्वय पीठाधीश्वर स्वामी राजेन्द्रदास देवाचार्य जी महाराज के पावन सान्निध्य में अनन्त विभूषित श्रीमद् जगद्गुरु रामानन्दाचार्य महाप्रभु के 825वें प्राकट्य पूर्णोत्सव के उपलक्ष्य में श्रीयुत जगद्गुरु रामानंदाचार्य स्वामी रामकृष्णाचार्य जी की अध्यक्षता में महंत ‘श्रीवैष्णव’ हरिशंकरदास जी महाराज ‘वेदान्ती’ द्वारा जयपुर में अखिल भारतीय मठ-पीठाधीश्वर समागम एवं शास्त्र संरक्षण समारोह का भव्य आयोजन 27 फरवरी काे जयपुर में किया जाएगा।

ज्ञान भारतम् मिशन संस्कृति मंत्रालय भारत सरकार एवं मंदिर श्रीरघुनाथजी ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में नव दिवसीय 108 कुण्डीय श्रीराम महायज्ञ का भी आयोजन किया जाएगा।कार्यक्रम अपराह्न 12:15 बजे भवानी शिक्षा निकेतन, गेट नं. 6-7, सीकर रोड, जयपुर में आयोजित होगा।

आयोजकों के अनुसार यह समागम राष्ट्रीय स्तर का होगा, जिसमें कश्मीर से कन्याकुमारी तक के जगद्गुरु, द्वाराचार्य, पीठाधीश्वर, महंत एवं महामंडलेश्वर सम्मिलित होंगे। विभिन्न मठों, मंदिरों और तीर्थस्थलों में संरक्षित प्राचीन पांडुलिपियों के संरक्षण, संवर्धन और शोध कार्य को गति देने के उद्देश्य से यह विशेष आयोजन रखा गया है।

समिति के अध्यक्ष महंत हरिशंकरदास वेदान्ती ने सभी श्रद्धालुओं, विद्वानों और संस्कृति-प्रेमियों से इस ज्ञान-यज्ञ में सहभागिता कर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।समारोह में देशभर के 215 पांडुलिपि धारकों एवं 4 संस्थाओं के 60 केंद्रों के साथ संस्कृति मंत्रालय के ज्ञान भारतम् मिशन के अंतर्गत अनुबंध भी किए जाएंगे। यह पहल भारत की प्राचीन ज्ञान-परंपरा और शास्त्रीय विरासत के संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

विश्वगुरूदीप आश्रम शोध संस्थान के उपाध्यक्ष महामण्डलेश्वर स्वामी ज्ञानेश्वर पुरी जी महाराज ने बताया कि इस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत, विशिष्ट अतिथि उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी, ज्ञान भारतम् मिशन के निदेशक इन्द्रजीत सिंह, परियोजना निदेशक प्रो. अनिर्वाण दाश तथा विभिन्न गणमान्य अतिथि समारोह में सम्मानित अतिथि के रूप में सम्मिलित होंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

Share this story