जनजातीय गरिमा उत्सव जिले के 51 गांवों में अब तक 104 शिविर आयोजित

WhatsApp Channel Join Now
जनजातीय गरिमा उत्सव जिले के 51 गांवों में अब तक 104 शिविर आयोजित


जोधपुर, 26 मई (हि.स.)। जनजातीय कार्य मंत्रालय भारत सरकार के निर्देशानुसार आयोजित जनजातीय गरिमा उत्सव 2026 के अंतर्गत जोधपुर जिले में जनजातीय समुदायों एवं पात्र परिवारों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जोडऩे के उद्देश्य से विशेष शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। अभियान के तहत जिले में व्यापक स्तर पर लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ प्रदान किया जा रहा है।

जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी आशीष कुमार मिश्रा ने बताया कि अभियान के अंतर्गत अब तक जिले के 51 गांवों में कुल 104 शिविर आयोजित किए जा चुके हैं, जिनमें लगभग 10 हजार 81 लोगों की सहभागिता दर्ज की गई है। शिविरों के माध्यम से विभिन्न विभागों द्वारा मौके पर ही सेवाएं उपलब्ध कराते हुए पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से लाभान्वित किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि शिविरों के दौरान प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के अंतर्गत 107 लाभार्थियों को लाभान्वित किया गया, जबकि 305 आधार कार्ड एवं 228 आयुष्मान भारत कार्ड बनाए गए। इसके अतिरिक्त 270 जाति प्रमाण पत्र एवं 281 मूल निवास प्रमाण पत्र जारी किए गए। वहीं मनरेगा से संबंधित 435 प्रकरणों का निस्तारण किया गया तथा मिशन इंद्रधनुष के तहत 415 लाभार्थियों को सेवाएं प्रदान की गईं।

कृषि एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं में भी प्रगति

मिश्रा ने बताया कि अभियान के दौरान कृषि एवं सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी योजनाओं में भी उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की गई है। किसान क्रेडिट कार्ड के 87, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के 158, प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के 177 तथा प्रधानमंत्री जनधन योजना के 74 लाभार्थियों को लाभान्वित किया गया।

इसके साथ ही पेंशन योजना के 110 तथा प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के 131 प्रकरणों में कार्यवाही की गई। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य सेवाओं के अंतर्गत संचालित क्षय रोग (टीबी) सक्रिय खोज अभियान के तहत 4 संभावित मामलों की पहचान की गई है तथा आवश्यक चिकित्सा प्रक्रिया सुनिश्चित की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Share this story