छात्रसंघ चुनाव की मांग को लेकर छात्रों का दंडवत प्रदर्शन

WhatsApp Channel Join Now
छात्रसंघ चुनाव की मांग को लेकर छात्रों का दंडवत प्रदर्शन


जयपुर, 05 अगस्त (हि.स.)। राजस्थान विश्वविद्यालय में छात्रसंघ चुनाव कराने की मांग को लेकर बुधवार को छात्र नेता नीरज खीचड़ के नेतृत्व में छात्रों ने संविधान पार्क के सामने दंडवत प्रदर्शन किया। हाथों में तख्तियां लेकर छात्रों ने लोकतंत्र और संविधान की दुहाई देते हुए सरकार से तत्काल छात्रसंघ चुनाव कराने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने संविधान पार्क और विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया, लेकिन स्थिति तनावपूर्ण होने पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार छात्रों को हिरासत में ले लिया और अन्य प्रदर्शनकारियों को परिसर से हटा दिया।

छात्र नेता नीरज खीचड़ ने आरोप लगाया कि पिछले चार वर्षों से छात्रसंघ चुनाव नहीं होने से छात्रों की लोकतांत्रिक आवाज दब गई है और विश्वविद्यालयों में छात्र प्रतिनिधित्व समाप्त हो गया है। उन्होंने कहा कि छात्रसंघ केवल चुनाव नहीं, बल्कि छात्रों की समस्याओं और अधिकारों की आवाज उठाने का मंच है।

खीचड़ ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि यदि 20 अगस्त तक छात्रसंघ चुनाव कराने की घोषणा नहीं की गई तो विधानसभा सत्र के दौरान सरकार का घेराव किया जाएगा। उन्होंने प्रदेशभर के युवाओं को आंदोलन से जोड़ने का भी आह्वान किया।

प्रदर्शन के दौरान छात्रों और पुलिस के बीच हल्की धक्का-मुक्की भी हुई। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में स्थिति को नियंत्रित किया गया तथा चार छात्रों को हिरासत में लेकर शांति व्यवस्था बनाए रखी गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story