चित्तौड़गढ़ में मौसम का बदला मिजाज, तेज आंधी-बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त

WhatsApp Channel Join Now
चित्तौड़गढ़ में मौसम का बदला मिजाज, तेज आंधी-बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त


चित्तौड़गढ़, 04 मई (हि.स.)। जिला मुख्यालय पर सोमवार को मौसम ने अचानक करवट ली। सुबह से पड़ रही तेज गर्मी और लू के थपेड़ों के बाद दोपहर करीब 3 बजे आसमान में काले-घने बादल छाने लगे। देखते ही देखते मौसम सुहाना हो गया और लोगों ने राहत की सांस ली। बादल छाने से अंधेरा जल्दी हो गया और वाहन चालकों को हेड लाइट जलानी पड़ी।

मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार सुबह से दोपहर तक चित्तौड़गढ़ शहर एवं गांवों में तेज गर्मी का दौर था। कभी कभार बादल आने से धूप कमजोर हुई। लेकिन शाम करीब 3.45 बजे से हल्की बूंदाबांदी शुरू हुई जो कुछ ही देर में तेज बारिश में बदल गई। तेज हवाओं के साथ बरसात का दौर शुरू होते ही शहर में अंधेरा सा छा गया। इस दौरान आसमान में बिजली भी तेज चमकी और बादलों की गड़गड़ाहट से पूरा शहर गूंज उठा। कई बार बिजली कड़कने की तेज आवाज सुनाई दी।तेज आंधी और बारिश के कारण सड़कों पर चल रहे वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। विशेष तौर पर दुपहिया वाहन चालक और पैदल राहगीर बारिश से बचने के लिए दुकानों और शेड के नीचे खड़े नजर आए। बादलों के कारण दिन में ही अंधेरा हो जाने से वाहन चालकों को हेड लाइट जला कर चलना पड़ा। इधर तेज हवाओं और बरसात के कारण शहर के कई इलाकों में बिजली आपूर्ति ठप हो गई। अचानक बिजली गुल होने से घरों में बंद लोग उमस और गर्मी से परेशान दिखे।

गर्मी से मिली राहत

हालांकि तेज गर्मी से जूझ रहे लोगों को इस बारिश से मामूली राहत जरूर मिली है। बारिश के बाद मौसम में ठंडक घुल गई और तापमान में गिरावट दर्ज की गई। बच्चे और युवा बारिश में भीगते भी नजर आए।मौसम विभाग के अनुसार जिले में तेज हवाओं के साथ मध्यम से तेज बारिश दर्ज की गई है। विभाग ने अगले कुछ घंटों तक मौसम ऐसा ही बने रहने की संभावना जताई है। वहीं तेज हवाओं के बावजूद फिलहाल कहीं से नुकसान की सूचना नहीं है

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अखिल

Share this story