चिकित्सा अधिकारी भर्ती में 600 पदों से नाराज अभ्यर्थियों ने किया भाजपा मुख्यालय पर प्रदर्शन
जयपुर, 23 नवंबर (हि.स.)। राजस्थान में चिकित्सा अधिकारी भर्ती परीक्षा को लेकर अभ्यर्थियों का विरोध तेज हो गया है। भर्ती में महज 600 पद रखे जाने से नाराज चिकित्सा अधिकारी भर्ती परीक्षा संघर्ष समिति के प्रतिनिधियों ने सोमवार को भाजपा मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। इसके बाद अभ्यर्थियों ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ से मुलाकात कर उन्हें ज्ञापन सौंपा और भर्ती में पदों की संख्या बढ़ाने सहित कई मांगें रखीं। अभ्यर्थियों ने 600 पदों को बढ़ाकर 2000 करने की मांग की है।
चिकित्सा अधिकारी संघर्ष संघ से जुड़े डॉ. दीपक शर्मा ने बताया कि राजस्थान यूनिवर्सिटी ऑफ हेल्थ साइंसेज (आरयूएचएस) की ओर से चिकित्सा अधिकारी भर्ती परीक्षा 13 दिसंबर 2026 को प्रस्तावित है। उनका कहना है कि पिछले 13 वर्षों में यह चिकित्सा अधिकारी भर्ती की सबसे कम पदों वाली प्रक्रिया है, जबकि प्रदेश में चिकित्सा अधिकारियों के 4000 से अधिक पद रिक्त हैं। ऐसी स्थिति में केवल 600 पदों पर भर्ती करना प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं और योग्य चिकित्सक अभ्यर्थियों के हित में नहीं है।
उन्होंने कहा कि सरकारी अस्पतालों और चिकित्सा संस्थानों में चिकित्सकों की कमी दूर करने के लिए भर्ती का दायरा बढ़ाया जाना चाहिए, ताकि अधिक योग्य चिकित्सकों को सरकारी सेवा में अवसर मिल सके और प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती मिले।
संघर्ष समिति ने भर्ती परीक्षा की प्रस्तावित तारीख पर भी आपत्ति जताई है। अभ्यर्थियों की मांग है कि नीट-पीजी काउंसलिंग पूरी होने तक चिकित्सा अधिकारी भर्ती परीक्षा स्थगित की जाए। उनका कहना है कि काउंसलिंग और भर्ती परीक्षा की समय-सारणी में टकराव होने से कई अभ्यर्थियों के सामने असमंजस की स्थिति पैदा हो सकती है। ऐसे में परीक्षा की तारीख इस प्रकार निर्धारित की जाए, जिससे किसी भी अभ्यर्थी को नुकसान नहीं उठाना पड़े।
ज्ञापन में भर्ती प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने की मांग भी की गई। डॉ. दीपक शर्मा ने कहा कि चयन प्रक्रिया में निर्धारित नियमों और मानकों का स्पष्ट रूप से पालन होना चाहिए, ताकि किसी भी स्तर पर पक्षपात या अनियमितता की आशंका नहीं रहे।
संघर्ष समिति के डॉ. कृष्णा उपाध्याय ने बताया कि प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे चिकित्सक अभ्यर्थियों ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष को ज्ञापन सौंपकर अपनी मांगों से अवगत कराया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि यदि पदों की संख्या बढ़ाकर भर्ती की जाती है तो चयनित चिकित्सा अधिकारी पूरी निष्ठा, समर्पण और ईमानदारी से अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करेंगे। उन्होंने कहा कि चिकित्सक प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुदृढ़, सुलभ और बेहतर बनाने में सरकार के सहयोगी बनना चाहते हैं। इसके लिए रिक्त पदों को ध्यान में रखते हुए भर्ती में पदों की संख्या बढ़ाना जरूरी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

