ग्रामीण महिलाओं तक डिजिटल भुगतान सुविधा पहुंचाने के लक्ष्य के साथ राजस्थान ग्रामीण बैंक की साझेदारी

WhatsApp Channel Join Now
ग्रामीण महिलाओं तक डिजिटल भुगतान सुविधा पहुंचाने के लक्ष्य के साथ राजस्थान ग्रामीण बैंक की साझेदारी


उदयपुर, 16 अक्टूबर (हि.स.)। राजस्थान ग्रामीण बैंक (आरजीबी), एनपीसीआई भीम और वुमेन्स वर्ल्ड बैंकिंग ने राजस्थान के ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं के बीच डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देने के लिए रणनीतिक साझेदारी की घोषणा की है। इस साझेदारी के तहत भीम पेमेंट्स ऐप के माध्यम से एक वर्ष में तीन लाख महिलाओं तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। भारत के डिजिटल सार्वजनिक बुनियादी ढांचे और यूपीआई प्रणाली की सफलता से प्रेरित होकर यह पहल शुरू की गई है। ग्रामीण इलाकों की महिलाओं को डिजिटल पेमेंट की सुविधा तो उपलब्ध है, लेकिन उन्हें इसका नियमित इस्तेमाल करने के लिए प्रोत्साहित करने की जरूरत है। इस पहल का उद्देश्य इसी अंतर को कम करना है।

इस पहल की शुरुआत उदयपुर में की गई। इस अवसर पर राजस्थान ग्रामीण बैंक, एनपीसीआई भीम, वुमेन्स वर्ल्ड बैंकिंग, सरकारी विभागों और इस क्षेत्र से जुड़ी संस्थाओं के प्रतिनिधि मौजूद थे। कार्यक्रम में राजस्थान के ग्रामीण इलाकों की 100 से अधिक महिलाओं ने भी भाग लिया। ये महिलाएं अपने रोज़मर्रा के वित्तीय लेन-देन के लिए भीम पेमेंट्स ऐप का सफलतापूर्वक इस्तेमाल कर रही हैं।

यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस (यूपीआई) के माध्यम से भारत ने दुनिया की सबसे सफल डिजिटल भुगतान प्रणालियों में से एक विकसित की है। इस साझेदारी के माध्यम से इन चुनौतियों को दूर करने का प्रयास किया जाएगा। इसके लिए स्थानीय बैंकों के साथ विश्वासपूर्ण संबंधों, महिलाओं की जरूरतों के अनुसार तैयार की गई सुविधाओं, सामुदायिक भागीदारी और प्रत्यक्ष मार्गदर्शन का सहारा लिया जाएगा।

यह पहल ग्रामीण समुदायों के राजस्थान ग्रामीण बैंक पर भरोसे पर आधारित है। साथ ही, यह सुरक्षित और आसान डिजिटल भुगतान के लिए भीम पेमेंट्स ऐप पर उपयोगकर्ताओं के विश्वास पर भी आधारित है।

एनपीसीआई भीम की प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी ललिथा नटराज ने कहा कि भारत में डिजिटल भुगतान क्रांति का पूरा लाभ उठाने के लिए महिलाओं को केवल इस बदलाव का हिस्सा बनने तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि उन्हें इसे आगे बढ़ाने में भी अहम भूमिका निभानी चाहिए।

राजस्थान ग्रामीण बैंक के अध्यक्ष मुकेश भारतीय ने कहा कि क्षेत्रीय ग्रामीण बैंकों का ग्रामीण समुदायों के साथ विश्वास का एक अनूठा रिश्ता है। इस भरोसे के साथ भीम की डिजिटल सुविधाओं को जोडक़र हम महिलाओं को डिजिटल वित्तीय सेवाओं का इस्तेमाल शुरू करने में मदद कर सकते हैं।

वुमेन्स वर्ल्ड बैंकिंग की दक्षिण एशिया प्रमुख कल्पना अजयन् ने कहा कि महिलाएँ डिजिटल वित्तीय सेवाओं का इस्तेमाल करेंगी या नहीं, यह तय करने में भरोसा सबसे अहम भूमिका निभाता है। कई महिलाओं के लिए डिजिटल भुगतान केवल पैसों के लेन-देन का साधन नहीं है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

762001 Articles

Share this story