गैस किल्लत को लेकर कांग्रेसियों का फूटा गुस्सा

WhatsApp Channel Join Now
गैस किल्लत को लेकर कांग्रेसियों का फूटा गुस्सा


सडक़ पर लकड़ी से चूल्हा जलाकर बनाई रोटी, प्रधानमंत्री का फूंका पुतला

जोधपुर, 13 मार्च (हि.स.)। घरेलू एलपीजी सिलेंडर की किल्लत और लगातार बढ़ती कीमतों के विरोध में कांग्रेस द्वारा प्रदेशभर में विरोध प्रदर्शन किए जा रहे हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को जोधपुर जिला मुख्यालय पर शहर व देहात कांग्रेस की ओर से नई सडक़ चौराहा स्थित राजीव गांधी सर्किल के पास खाली गैस सिलेंडरों के साथ प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सडक़ पर लकड़ी का चूल्हा जलाकर रोटी बनाते हुए केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और प्रधानमंत्री का प्रतीकात्मक पुतला फूंका।

जिलाध्यक्ष ओमकार वर्मा ने बताया कि देश में रसोई गैस की किल्लत की स्थिति बनी हुई है। यहां तक कि शादी समारोहों के लिए भी कमर्शियल गैस सिलेंडर उपलब्ध नहीं हो रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की नीतियों के कारण देश में ईंधन संकट गहराता जा रहा है और गैस सिलेंडर की कीमतों में भी लगातार वृद्धि हो रही है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चल रहे तनाव के बीच केंद्र सरकार की विदेश नीति भी प्रभावी नहीं रही, जिसके चलते ईंधन संकट की स्थिति पैदा हो गई है। महंगाई का बोझ आमजन पर पड़ रहा है और सिलेंडर महंगे होने के बावजूद पर्याप्त आपूर्ति नहीं हो रही है। कांग्रेस नेताओं ने मांग की है कि उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर पर्याप्त मात्रा में और आसानी से उपलब्ध कराए जाएं तथा बढ़ी हुई कीमतों को वापस लिया जाए। प्रदर्शन के दौरान पूर्व महापौर कुंती परिहार, पूर्व विधायक मनीषा पंवार सहित कई कांग्रेस नेता व पदाधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Share this story