गृह रक्षा विभाग की कमांडेंट कॉन्फ्रेंस में नियोजन बढ़ाने और अनुशासन मजबूत करने पर मंथन

WhatsApp Channel Join Now
गृह रक्षा विभाग की कमांडेंट कॉन्फ्रेंस में नियोजन बढ़ाने और अनुशासन मजबूत करने पर मंथन


जयपुर, 20 नवंबर (हि.स.)। गृह रक्षा विभाग की राज्य स्तरीय कमांडेंट कॉन्फ्रेंस में स्वयंसेवकों के नियोजन के अवसर बढ़ाने, ड्यूटी रोटेशन में पारदर्शिता रखने और जिला इकाइयों में अनुशासन मजबूत करने पर जोर दिया गया। गुरुवार को केन्द्रीय प्रशिक्षण संस्थान (सीटीआई), फतेहपुरा बेगस में पुलिस महानिदेशक एवं महासमादेष्टा अनिल पालीवाल की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में विभाग की प्रशासनिक, वित्तीय और कार्यप्रणाली से जुड़े विषयों की समीक्षा की गई।

कॉन्फ्रेंस में पालीवाल ने प्रदेश के विभिन्न जिला प्रशिक्षण केन्द्रों से आए समादेष्टाओं से सीधा संवाद कर क्षेत्रीय स्तर पर कामकाज में आ रही समस्याओं और चुनौतियों की जानकारी ली। उन्होंने समस्याओं के त्वरित एवं व्यावहारिक समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक में सरकारी विभागों, सार्वजनिक उपक्रमों, निजी कंपनियों और प्रतिष्ठानों में गृह रक्षा स्वयंसेवकों के नियोजन के अवसर बढ़ाने पर चर्चा हुई। इसके लिए ऑनलाइन नियोजन सॉफ्टवेयर एचडीएमएस का प्रभावी उपयोग करने और ड्यूटी रोटेशन प्रणाली में पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही ड्यूटी रोटेशन संबंधी आदेशों की पालना, जिला इकाइयों में अनुशासन मजबूत करने और विभागीय जांचों का निष्पक्ष एवं त्वरित निस्तारण करने पर बल दिया गया।

कॉन्फ्रेंस में आवंटित बजट का पूर्ण उपयोग, लंबित न्यायालय प्रकरणों और ऑडिट आक्षेपों का निस्तारण तथा भंडार एवं हथियारों के उचित रखरखाव की भी समीक्षा की गई। आगामी 6 दिसंबर को होने वाले गृह रक्षा स्थापना दिवस समारोह की तैयारियों पर चर्चा हुई।

महानिरीक्षक पुलिस गृह रक्षा राजेश मीना ने अधिकारियों को मुख्यालय से जारी परिपत्रों, स्थायी आदेशों और अन्य निर्देशों का गहन अध्ययन करने को कहा। उन्होंने अधीनस्थ कार्मिकों और स्वयंसेवकों की समस्याओं के समाधान के लिए नियमित संवाद रखने तथा स्वयंसेवकों के नियोजन में वृद्धि के लिए व्यक्तिगत स्तर पर प्रयास करने के निर्देश दिए।

समापन सत्र में पालीवाल ने स्वयंसेवकों के अधिकाधिक नियोजन के लिए प्रभावी प्रयास करने और बेहतर पर्यवेक्षण व्यवस्था विकसित करने के संबंध में समादेष्टाओं से सुझाव मांगे। उन्होंने नियोजन स्थलों पर महिला स्वयंसेवकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।

कॉन्फ्रेंस में विभाग के उप महासमादेष्टा, केन्द्रीय प्रशिक्षण संस्थान के निदेशक, वित्तीय सलाहकार, वरिष्ठ स्टाफ अधिकारी सहित प्रदेश के सभी सीमा गृह रक्षा दलों और गृह रक्षा प्रशिक्षण केन्द्रों के समादेष्टा एवं उप समादेष्टाओं ने भाग लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

780567 Articles

Share this story