गहलोत 2033 की चिंता छोड़ सेहत का ध्यान रखें : शेखावत

WhatsApp Channel Join Now
गहलोत 2033 की चिंता छोड़ सेहत का ध्यान रखें : शेखावत


केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री बोले, 2028 में फिर भाजपा की सरकार बनेगी

जोधपुर, 23 नवम्बर (हि.स.)। केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के एक बार फिर मुख्यमंत्री बनने की इच्छा जताने संबंधी बयान पर तीखा राजनीतिक तंज कसा। उन्होंने कहा कि राजनीति में काम करने वाले प्रत्येक कार्यकर्ता को महत्वाकांक्षी होना चाहिए और मुख्यमंत्री बनने के लिए तैयार रहना चाहिए, लेकिन राजस्थान में भाजपा वर्ष 2028 में भी सरकार बनाएगी। ऐसे में वर्ष 2033 की चिंता करने के बजाय गहलोत को अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखना चाहिए।

सोमवार को जोधपुर प्रवास के दौरान मीडिया से बातचीत में शेखावत ने कहा कि गहलोत कांग्रेस के वरिष्ठतम नेताओं में हैं, ऐसे में उनका मुख्यमंत्री बनने की इच्छा जताना अनुचित नहीं है। हालांकि, कांग्रेस में मुख्यमंत्री पद को लेकर क्या निर्णय होगा, इस पर टिप्पणी करना उचित नहीं होगा।

चुनावी नतीजों पर प्रतिक्रिया देते हुए शेखावत ने कहा कि भाजपा जनता के जनादेश को शिरोधार्य करती है। डबल इंजन सरकार होने और बड़ी संख्या में जनकल्याणकारी योजनाओं एवं नीतियों के क्रियान्वयन के बावजूद अपेक्षित चुनावी परिणाम नहीं मिलना पार्टी के लिए आत्ममंथन का विषय है। सबसे महत्वपूर्ण सवाल यह है कि सरकार के कामकाज और जनकल्याणकारी योजनाओं का संदेश आखिर जनता तक प्रभावी ढंग से क्यों नहीं पहुंच पाया।

उन्होंने कहा कि भाजपा ऐसी पार्टी है, जहां जीत और हार दोनों परिस्थितियों में गंभीरता से समीक्षा करने की परंपरा रही है। पार्टी जीत के बाद भी आत्मसंतुष्ट नहीं होती और हार के बाद भी निराश होकर नहीं बैठती। प्रत्येक परिणाम को भविष्य में बेहतर काम करने के अवसर के रूप में लिया जाता है।

शेखावत ने बताया कि चुनावी परिणामों को लेकर पार्टी में विभिन्न स्तरों पर समीक्षा की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। जिला, संभाग और प्रदेश स्तर पर चर्चा की जा रही है। सभी स्तरों से प्राप्त फीडबैक के आधार पर कमियों का आकलन किया जाएगा और आगे की रणनीति तैयार होगी। पार्टी के जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं को भी इस बात पर विचार करना होगा कि सरकार की योजनाओं और नीतियों का लाभ आम लोगों तक पहुंचने के बावजूद उनके प्रति अपेक्षित जनसमर्थन क्यों नहीं बन पाया।

उन्होंने कहा कि चुनावी परिणामों को लेकर कार्यकर्ताओं के उत्साह में कोई कमी नहीं है। भाजपा संगठन के स्तर पर अपनी कमजोरियों को दूर करते हुए आगे बढ़ेगी। जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरना और सरकार के कामकाज को प्रभावी ढंग से लोगों तक पहुंचाना पार्टी की प्राथमिकता रहेगी।

ईवीएम और मतदाता सूची को लेकर विपक्ष की ओर से लगाए जा रहे आरोपों पर केंद्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि जो लोग चुनाव से पहले ईवीएम, गणेश कुमार और मतदाता सूची को लेकर लगातार सवाल उठा रहे थे, अब उनसे ही सवाल पूछे जाने चाहिए। चुनावी नतीजों के बाद भी इस तरह के आरोपों को दोहराने के बजाय विपक्ष को अपने सवालों और दावों का जवाब देना चाहिए। शेखावत ने कहा कि चुनाव परिणाम सामने आने के बाद आरोपों की राजनीति करने के बजाय विपक्ष को अपने रुख और बयानों पर जवाबदेही तय करनी चाहिए।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

781691 Articles

Share this story