खिली धूप, सर्दी से मिली कुछ राहत
जोधपुर, 12 जनवरी (हि.स.)। शहर में पिछले कुछ दिनों से तेज सर्दी और बर्फीली हवाओं से आम जनजीवन प्रभावित है। हालांकि सोमवार को धूप खिलकर निकली जिससे सर्दी से मामूली राहत मिली। इसके बावजूद ठंडी हवाओं के झोंकों से कंपकपी छूटती रही।
शहर में आज सुबह के समय अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान 8 डिग्री दर्ज किया गया। हालांकि एक दिन पहले की बात की जाए तो पारा लुढक़कर 22.8 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। न्यूनतम तापमान भी 7.5 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया था। इसकी वजह से ठंड बढ़ गई। हालांकि आज सुबह से ही धूप छाई रहने की वजह से तापमान में हल्की बढ़ोतरी देखी गई।
न्यूनतम तापमान भी 7.5 डिग्री से 8 डिग्री दर्ज किया गया। हालांकि हवाओं में ठंडक की वजह से इसका असर भी देखने को मिल रहा है। लोग सर्दी से बचने को तरह तरह के जतन भी करते हुए नजर आ रहे हैं। मौसम विभाग के मुताबिक अगले कुछ दिनों में आठ किलाेमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है। हालांकि अगले तीन चार दिनों तक मौसम साफ रहने का अनुमान जताया गया है। वहीं इस दौरान तापमान में मामूली परिवर्तन देखने को मिल सकता है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

