खाद की कालाबाजारी और जमाखोरी करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई: किरोड़ी लाल

WhatsApp Channel Join Now
खाद की कालाबाजारी और जमाखोरी करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई: किरोड़ी लाल


जयपुर, 27 अक्टूबर (हि.स.)। रबी सीजन में किसानों को उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए राज्य सरकार कृषि विभाग के माध्यम से लगातार निगरानी कर रही है। कृषि एवं उद्यानिकी मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल ने कहा कि प्रदेश में उर्वरकों का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है। किसानों को अफवाहों में आकर जरूरत से ज्यादा उर्वरक खरीदने या अनावश्यक भंडारण करने की आवश्यकता नहीं है। सरकार केंद्र के साथ समन्वय कर मांग के अनुरूप आपूर्ति सुनिश्चित कर रही है।

कृषि मंत्री के अनुसार प्रदेश में वर्तमान में 4.02 लाख मैट्रिक टन यूरिया, 91 हजार मैट्रिक टन डीएपी, 91 हजार मैट्रिक टन एनपीके और 1.70 लाख मैट्रिक टन एसएसपी का स्टॉक उपलब्ध है। मांग, खपत और बुवाई क्षेत्र के आधार पर उर्वरकों की आपूर्ति की जा रही है। अधिक खपत वाले जिलों और ब्लॉकों को प्राथमिकता दी जा रही है।

अक्टूबर 2026 में प्रदेश की 4.60 लाख मैट्रिक टन यूरिया की मांग के मुकाबले 6.48 लाख मैट्रिक टन यूरिया उपलब्ध करवाया गया है, जो मांग का 141 प्रतिशत है। इसी तरह, 2 लाख मैट्रिक टन डीएपी की मांग के मुकाबले 2.36 लाख मैट्रिक टन डीएपी उपलब्ध करवाया जा चुका है। यह मांग का 118 प्रतिशत है। विभाग के अनुसार, 27 अक्टूबर तक आवंटित मात्रा के अनुरूप आपूर्ति जारी है।

इसके अलावा उर्वरकों की जमाखोरी, कालाबाजारी, यूरिया के अवैध डायवर्जन और अन्य अनियमितताओं के खिलाफ विभाग ने सख्ती की है। अब तक 13,445 विक्रय परिसरों का निरीक्षण किया गया। अनियमितताएं मिलने पर 133 उर्वरक लाइसेंस निलंबित या निरस्त किए गए, जबकि 30 मामलों में एफआईआर दर्ज कराई गई। पुलिस ने 13 लोगों को गिरफ्तार किया है।

विभाग ने उर्वरक डायवर्जन के मामलों में यूरिया के 1,351 बैग जब्त किए हैं। वहीं, गुणवत्ता नियंत्रण के तहत विभिन्न उर्वरकों के कुल 12,325 बैग जब्त किए जा चुके हैं। विभाग का कहना है कि उर्वरकों की गुणवत्ता और वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए निगरानी जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

767810 Articles

Share this story