क्षेत्रीय दलों और कांग्रेस में परिवारवाद हावी: मंत्री प्रजापति

WhatsApp Channel Join Now
क्षेत्रीय दलों और कांग्रेस में परिवारवाद हावी: मंत्री प्रजापति


यूपी के होमगार्ड और नागरिक सुरक्षा मंत्री का विपक्षी दलों पर हमला

जोधपुर, 30 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के होमगार्ड एवं नागरिक सुरक्षा मंत्री धर्मवीर प्रजापति ने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि क्षेत्रीय दलों और भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस में परिवारवाद हावी है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस में लंबे समय से एक ही परिवार को आगे बढ़ाया जा रहा है, जबकि जनता उन्हें बार-बार नकार रही है।

सर्किट हाउस में मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक कार्यकर्ता आधारित पार्टी है, जहां बूथ स्तर का कार्यकर्ता भी प्रदेश अध्यक्ष, मुख्यमंत्री या राष्ट्रीय अध्यक्ष तक बन सकता है। उन्होंने कहा कि देश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का तीसरा कार्यकाल चल रहा है, वहीं उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लगातार दूसरे कार्यकाल का नेतृत्व कर रहे हैं। दोनों ही नेता बिना रुके और बिना अवकाश के जनता के हित में कार्य कर रहे हैं।

मंत्री ने कहा कि बीजेपी हमेशा संगठन को मजबूत करने और जनता के बीच सक्रिय रहने पर जोर देती है। पार्टी चुनावों का इंतजार नहीं करती, बल्कि निरंतर जनसंपर्क में रहती है, जिसका परिणाम है कि विभिन्न राज्यों में चुनावों के दौरान जनता का समर्थन मिलता है।

आगामी पांच राज्यों के चुनावों को लेकर उन्होंने विश्वास जताया कि जनता एक बार फिर बीजेपी को समर्थन देगी और पार्टी मजबूत प्रदर्शन करेगी। वहीं, हाल ही में रिलीज फिल्म धुरंधर 2 और कानून व्यवस्था को लेकर विपक्ष के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि फिल्म में दिखाई गई बातें वास्तविकता पर आधारित हैं, जिसे विपक्ष स्वीकार नहीं कर पा रहा। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में अराजकता का माहौल था, लेकिन बीजेपी सरकार आने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में अपराधियों और माफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Share this story