कोटा में 1 अप्रैल को भव्य रेल प्रदर्शनी, आधुनिक तकनीकों का मिलेगा अनुभव

WhatsApp Channel Join Now
कोटा में 1 अप्रैल को भव्य रेल प्रदर्शनी, आधुनिक तकनीकों का मिलेगा अनुभव


कोटा, 29 मार्च (हि.स.)। पश्चिम मध्य रेलवे के कोटा मंडल स्थापना दिवस के अवसर पर 1 अप्रैल को मेनाल ऑफिसर्स क्लब में भव्य रेल प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा। प्रदर्शनी को लेकर आमजन में उत्साह देखा जा रहा है और इसे जनसुलभ व आकर्षक बनाने के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं।

मंडल रेल प्रबंधक अनिल कालरा के मार्गदर्शन में आयोजित इस प्रदर्शनी में रेलवे की आधुनिक तकनीक और कार्यप्रणाली को करीब से समझने का अवसर मिलेगा। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया कि प्रदर्शनी सुबह 11 बजे से रात 10 बजे तक खुली रहेगी। प्रदर्शनी में इंजीनियरिंग, वाणिज्य, रेलवे सुरक्षा बल, सिग्नल एवं दूरसंचार, विद्युत, यांत्रिक और परिचालन सहित विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए जाएंगे। इन स्टॉलों पर कार्यशील मॉडल, डिजिटल स्क्रीन और इंटरैक्टिव माध्यमों से जानकारी प्रस्तुत की जाएगी।

प्रमुख आकर्षणों में कवच 4.0 स्वचालित ट्रेन सुरक्षा प्रणाली, अमृत भारत स्टेशन योजना, 2×25 केवी ओएचई विद्युतीकरण, हाई स्पीड ट्रायल, रेल मदद ऐप और रेलवन ऐप जैसी पहलें शामिल होंगी। आयोजन में सेल्फी प्वाइंट, विजुअल डिस्प्ले और पारिवारिक माहौल की भी व्यवस्था की गई है। रेलवे प्रशासन ने शहरवासियों, विद्यार्थियों और रेल प्रेमियों से अधिकाधिक संख्या में पहुंचकर प्रदर्शनी का लाभ उठाने की अपील की है। प्रदर्शनी 1 अप्रैल को मेनाल ऑफिसर्स क्लब, रेलवे स्टेशन के पास, कोटा में आयोजित होगी और प्रवेश निःशुल्क रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

Share this story