कोटा-दौसा में बारिश, धूप खिलने से अधिकांश शहरों का पारा चढ़ा

WhatsApp Channel Join Now
कोटा-दौसा में बारिश, धूप खिलने से अधिकांश शहरों का पारा चढ़ा


जयपुर, 24 मार्च (हि.स.)। पश्चिम विक्षोभ के असर से मंगलवार को कोटा, दौसा सहित चार शहरों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। बाकी शहरों में धूप खिलने से दिन के पारे में बढ़ोतरी दर्ज की गई। आगामी दिनों में बैक टू बैक आ रहे पश्चिम विक्षोभ के प्रभाव से 26 से 31 मार्च तक प्रदेश के कई शहरों में बारिश होने की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के अधिकांश शहरों के धूप खिली। इससे दिन के पारे में 7 डिग्री से ज्यादा की बढ़ोतरी वहीं रात के पारे में 4 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई। बाड़मेर प्रदेश में सबसे गर्म रहा। यहां का अधिकतम तापमान 36.8 और न्यूनतम तापमान 24.8 डिग्री दर्ज किया गया।

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मंगलवार को भरतपुर, कोटा संभाग के कुछ भागों में मेघगर्जन के साथ हल्की बारिश दर्ज की गई, शेष अधिकांश भागों में आगामी दो दिन मौसम मुख्यत: शुष्क रहने की संभावना है। बैक टू बैक पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव से आंशिक बादल छाए रहने व 26-27 मार्च को पूर्वी व उत्तरी भागों में छुटपुट स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना है। एक और नया मजबूत पश्चिमी विक्षोभ 28-31 मार्च के दौरान राज्य के कुछ भागों में सक्रिय होने तथा मेघगर्जन के साथ आंधी-बारिश होने की संभावना है।

जयपुर में मंगलवार को धूप खिली। इससे जयपुर के पारे में बढ़ोतरी दर्ज की गई। हालांकि दोपहर बाद आसमान में छितराए व हल्के बादल नजर आए। जयपुर के दिन के तापमान में 4.5 और रात के तापमान में 0.8 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई। जयपुर का अधिकतम तापमान 33 और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री दर्ज किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश

Share this story