किसानों को दी उर्वरकों एवं पोषक तत्वों के संतुलित उपयोग की जानकारी

WhatsApp Channel Join Now
किसानों को दी उर्वरकों एवं पोषक तत्वों के संतुलित उपयोग की जानकारी


खेत बचाओ अभियान के तहत आईसीएआर-काजरी की टीम ने बुजावड़ गांव का किया दौरा

जोधपुर, 13 नवम्बर (हि.स.)। भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद-केंद्रीय शुष्क क्षेत्र अनुसंधान संस्थान, जोधपुर के निदेशक डॉ. एचएस जाट के मार्गदर्शन में संस्थान की एक विशेषज्ञ टीम ने खेत बचाओ अभियान के अंतर्गत बुजावड़ गांव का दौरा किया। इस दौरान टीम ने किसानों से सीधा संवाद स्थापित कर कृषि उत्पादन में सुधार, मृदा स्वास्थ्य संरक्षण तथा आधुनिक कृषि तकनीकों के प्रभावी उपयोग के संबंध में विस्तृत चर्चा की।

कार्यक्रम के दौरान किसानों को पॉलीहाउस एवं संरक्षित खेती में उर्वरकों तथा पोषक तत्वों के संतुलित एवं उचित उपयोग के महत्व के बारे में जानकारी दी गई। बताया गया कि फसलों की आवश्यकतानुसार पोषक तत्वों का उचित प्रबंधन, उर्वरकों की संतुलित मात्रा, सही समय पर प्रयोग तथा सिंचाई के साथ पोषक तत्वों का समुचित उपयोग अत्यंत आवश्यक है। इससे न केवल फसल की गुणवत्ता एवं उत्पादकता में वृद्धि होती है, बल्कि अनावश्यक उर्वरक उपयोग से होने वाले आर्थिक नुकसान और मृदा स्वास्थ्य पर पडऩे वाले प्रतिकूल प्रभावों को भी कम किया जा सकता है।

इस अवसर पर उपस्थित किसानों ने पॉलीहाउस खेती में पोषक तत्वों के प्रबंधन, उर्वरकों की उपलब्धता एवं लागत, फसलों में आने वाली विभिन्न समस्याओं तथा उत्पादन संबंधी चुनौतियों को वैज्ञानिकों के समक्ष रखा। वैज्ञानिकों ने किसानों की समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा उनके व्यावहारिक समाधान सुझाए।

इस पहल का उद्देश्य किसानों को नवीनतम कृषि वैज्ञानिक तकनीकों से जोडऩा, खेती की लागत कम करना, मृदा की उर्वरता बनाए रखना तथा टिकाऊ एवं लाभकारी कृषि पद्धतियों को बढ़ावा देना है। खेत बचाओ अभियान के माध्यम से आईसीएआर-काजरी द्वारा किसान-वैज्ञानिक संवाद के जरिए वैज्ञानिक ज्ञान एवं तकनीकों का प्रसार कर कृषि को अधिक टिकाऊ, लाभकारी एवं संसाधन-कुशल बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

776417 Articles

Share this story