कांग्रेस का ‘संगठन बढ़ाओ-लोकतंत्र बचाओ’ अभियान एक से, पंचायत-वार्ड स्तर पर होंगे अध्यक्ष नियुक्त

WhatsApp Channel Join Now
कांग्रेस का ‘संगठन बढ़ाओ-लोकतंत्र बचाओ’ अभियान एक से, पंचायत-वार्ड स्तर पर होंगे अध्यक्ष नियुक्त


जयपुर, 23 मार्च (हि.स.)। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने संगठन विस्तार को लेकर बड़ा फैसला लिया है। पार्टी प्रदेशभर में नवगठित ग्राम पंचायतों और नगर निकायों के वार्डों में अध्यक्ष नियुक्त करेगी। इसके साथ ही एक अप्रैल 2026 से 30 दिवसीय “संगठन बढ़ाओ-लोकतंत्र बचाओ” अभियान शुरू किया जाएगा।

यह घोषणा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा ने जयपुर स्थित प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में मीडिया से बातचीत के दौरान की।

उन्होंने बताया कि अभियान के तहत प्रत्येक ग्राम पंचायत और वार्ड स्तर पर अध्यक्ष नियुक्त कर 21 सदस्यीय कार्यकारिणी का गठन किया जाएगा।

डोटासरा ने राज्य सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा सरकार हार के डर से नगर निकाय और पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव टाल रही है। उन्होंने कहा कि ओबीसी प्रतिनिधित्व आयोग का गठन जानबूझकर देर से किया गया और उसे पर्याप्त संसाधन नहीं दिए गए, जिससे रिपोर्ट में देरी हो रही है। इसी को बहाना बनाकर चुनाव टाले जा रहे हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि कभी “वन स्टेट-वन इलेक्शन”, कभी परिसीमन और अब ओबीसी आयोग की रिपोर्ट के नाम पर चुनाव टालना लोकतंत्र पर सीधा प्रहार है। साथ ही उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा दूषित वोटर लिस्ट के आधार पर चुनाव कराने की तैयारी की जा रही है, जो लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है।

डोटासरा ने बताया कि इस अभियान के तहत वे नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली के साथ प्रदेश के सभी जिलों का दौरा करेंगे। दो और तीन अप्रैल को ब्यावर और बालोतरा जिलों का दौरा प्रस्तावित है।

अभियान के दौरान ग्राम पंचायत मुख्यालय, वार्ड, ब्लॉक और जिला स्तर पर जन-जागरण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनके माध्यम से लोगों को लोकतंत्र और उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया जाएगा।

डोटासरा ने केंद्र और राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि गैस की किल्लत के कारण प्रदेश में आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि इससे हजारों लोग बेरोजगार हो गए हैं और शादी-विवाह जैसे कार्यक्रम भी प्रभावित हो रहे हैं। होटल, रेस्टोरेंट, कैंटीन और छात्रावासों की मैस तक बंद होने की स्थिति में हैं।

उन्होंने बताया कि कांग्रेस द्वारा प्रदेशभर में विरोध प्रदर्शन किए जा चुके हैं और अब 27 मार्च को जयपुर के शहीद स्मारक पर बड़ा विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। कांग्रेस के इस अभियान को आगामी समय में प्रदेश की राजनीति में एक बड़े संगठनात्मक और जन-आंदोलन के रूप में देखा जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Share this story