एयरफोर्स डे पर गुरुवार काे जोधपुर में दिखेगा वायुसेना का शौर्य

WhatsApp Channel Join Now
एयरफोर्स डे पर गुरुवार काे जोधपुर में दिखेगा वायुसेना का शौर्य


सूर्यकिरण एरोबेटिक टीम करेगी हैरतअंगेज कलाबाजियां

जोधपुर, 07 अक्टूबर (हि.स.)। जोधपुर में एयरफोर्स डे पर भारतीय वायुसेना के जांबाज हैरतअंगेज कारनामे करेंगे। वायुसेना की विश्वविख्यात सूर्यकिरण एरोबेटिक टीम जोधपुर में 8 अक्टूबर को हैरतअंगेज कलाबाजियां दिखाएंगी।

जोधपुर वायुसेना स्टेशन पर चल रहे तरंगशक्ति युद्धाभ्यास 2026 के अंतर्गत आठ अक्टूबर को भारतीय वायुसेना दिवस भी शानदार तरीके से मनाया जाएगा। इस मौके पर वायुसेना की सूर्यकिरण टीम के साथ सारंग हेलीकॉप्टर टीम भी ऐरोबेटिक डिस्पले करेगी। सुबह 10 बजे एयरफोर्स स्टेशन पर मुख्य कार्यक्रम होगा। यह ओपन डे रखा गया है, जिसमें स्कूली बच्चों, एनसीसी कैडेट्स, एनएसएस वालेंटियर, सिविल अधिकारियों और कुछ आम नागरिको को आमंत्रित किया गया है। केवल उसी व्यक्ति को वायुसेना स्टेशन में प्रवेश मिलेगा, जिसके पास वायुसेना की ओर से जारी अधिकृत पास होगा।

सूर्यकिरण टीम अपने 9 हॉक जेट से आसमान में अलग-अलग फॉर्मेशन और एरोबेटिक करतब दिखाएगी। इनके साथ ही तेजस और सुखोई भी प्रदर्शन दिखाएंगे। सूर्यकिरण टीम के पायलट अपने हॉक एमके-132 एडवांस जेट ट्रेनर विमानों के साथ जोधपुर एयरबेस से उड़ान भरेंगे। इस दौरान हवा में केवल 5 से 10 फीट की दूरी पर विमान उड़ाते हुए पायलट डायमंड फॉर्मेशन और हवा में तीर से हार्ट जैसी आकृतियां बनाएंगे। इसके अलावा जेट विमानों से निकलने वाले लाल, सफेद और केसरिया रंग के धुएं से पूरा आसमान राष्ट्रभक्ति के रंगों में रंग जाएगा। सूर्यकिरण का एयर शो करीब 25 से 30 मिनट का होता है। एयर शो के दौरान कमेंट्री भी होती है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Share this story