उदयपुर में बस-ट्रेलर भिड़ंत में तीन की मौत

WhatsApp Channel Join Now
उदयपुर में बस-ट्रेलर भिड़ंत में तीन की मौत


उदयपुर, 26 अगस्त (हि. स.)। उदयपुर जिले के खेरोदा थाना क्षेत्र में एक भीषण सड़क हादसा हो गया। करीब 35 यात्रियों से भरी एक निजी बस तेज रफ्तार ट्रेलर से जा भिड़ी। हादसा इतना जबरदस्त था कि बस का अगला हिस्सा और चालक साइड पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

थानाधिकारी परमेश्वर पाटीदार के अनुसार उदयपुर जिले में बुधवार शाम करीब 4 बजे सवारियों से भरी एक निजी बस चित्तौड़ से उदयपुर की ओर जा रही थी। इस दौरान खेरोदा थाना क्षेत्र मेनार डाक बंगले के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर से बस की आमने-सामने की भिड़ंत हो गई।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और हाईवे पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे घायलों को बाहर निकाला गया। एंबुलेंस और निजी वाहनों से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।

हादसे में तीन यात्रियों की मौत हो गई, जबकि करीब 10 यात्री घायल हुए हैं। इनमें से तीन घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

खेरवाड़ा थाना प्रभारी के अनुसार, बस करीब 35 यात्रियों से भरी हुई थी और मंगलवाड़ से उदयपुर की तरफ आ रही थी। हादसे में तीन सवारियों की मौत हुई है। मृतकों में दो लोगों की पहचान बंशीलाल टेलर निवासी पहाड़ा, उदयपुर तथा भगवान लाल डांगी निवासी शंभूपुरा, उदयपुर के रूप में हुई है, जबकि एक महिला की शिनाख्त की जा रही है।

टक्कर के बाद बस सड़क पर बिखर गई और उसका अगला हिस्सा पूरी तरह टूट गया। हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया। दुर्घटना के कारण हाईवे पर करीब एक घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात सुचारु कराया और क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाया।

पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है और फरार बस चालक की तलाश शुरू कर दी गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता

Share this story