उत्तरी राजस्थान के कई इलाकों में छाया रहा कोहरा

WhatsApp Channel Join Now
उत्तरी राजस्थान के कई इलाकों में छाया रहा कोहरा


उत्तरी राजस्थान के कई इलाकों में छाया रहा कोहरा


जयपुर, 17 नवंबर (हि.स.)। राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ का असर खत्म होते ही मौसम ने करवट ले ली है। उत्तरी हवा के साथ प्रदेश में सर्दी का असर बढ़ने लगा है। सोमवार को उत्तरी राजस्थान के बीकानेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ और चूरू के कई इलाकों में कोहरा छाया रहा। सुबह और शाम चली हल्की ठंडी हवा ने लोगों को सर्दी का अहसास कराया। इसके चलते अधिकांश शहरों के न्यूनतम तापमान में पांच डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आ गई।

सोमवार को जालोर को छोड़कर प्रदेश के सभी शहरों में न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा। फतेहपुर में रात सबसे ठंडी रही, जहां न्यूनतम तापमान 12.1 डिग्री सेल्सियस मापा गया। माउंट आबू में 12.3, सीकर में 13.4, अलवर और करौली में 13.8, श्रीगंगानगर में 14.1 तथा टोंक में 14.3 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा।

पश्चिमी विक्षोभ के गुजरने के बाद उत्तर भारत से ठंडी हवा का प्रदेश में प्रवेश शुरू हो गया है। इसका सबसे अधिक असर पिलानी में दिखाई दिया, जहां न्यूनतम तापमान में करीब 5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ गई। सीकर और श्रीगंगानगर में भी न्यूनतम तापमान में करीब 3 डिग्री की गिरावट हुई।

मंगलवार सुबह बीकानेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ और चूरू के कुछ हिस्सों में कोहरा छाया रहा। पंजाब सीमा से सटे श्रीगंगानगर के इलाकों में सुबह घना कोहरा देखने को मिला। कोहरे के साथ चली ठंडी हवा ने सुबह के समय सर्दी बढ़ा दी। हालांकि दिन चढ़ने के साथ कोहरा छंट गया और आसमान साफ होने पर धूप खिली। प्रदेश के बाकी हिस्सों में मौसम मुख्यतः साफ रहा और दिन में तेज धूप के कारण गर्माहट बनी रही। इसके बावजूद सुबह और शाम के तापमान में गिरावट के चलते सर्दी का असर महसूस किया गया।

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव समाप्त होने के बाद अब राजस्थान में ठंडी उत्तरी हवा का असर बढ़ेगा। अगले तीन से चार दिन प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। इस दौरान रात के तापमान में और गिरावट हो सकती है। श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू, सीकर सहित प्रदेश के अधिकांश शहरों में न्यूनतम तापमान में अगले कुछ दिनों में गिरावट का अनुमान है।

ऐसे में नवंबर के दूसरे पखवाड़े में राजस्थान में सर्दी अब धीरे-धीरे जोर पकड़ने लगी है। सुबह-शाम गर्म कपड़ों की जरूरत महसूस होने लगी है, जबकि आने वाले दिनों में रात की ठंड बढ़ने के आसार हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

778337 Articles

Share this story