उत्तर मैट्रिक छात्रवृत्ति के लंबित आवेदनों का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश
जयपुर, 21 फ़रवरी (हि.स.)। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री अविनाश गहलोत ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि उत्तर मैट्रिक छात्रवृत्ति योजनाओं के तहत शैक्षणिक सत्र 2022-23 से 2024-25 तक के लंबित आवेदनों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि पात्र विद्यार्थियों को समय पर छात्रवृत्ति का लाभ मिलना सरकार की प्राथमिकता है।
मंत्री गहलोत ने साफ किया कि जिन विद्यार्थियों के आवेदन आक्षेप पूर्ति के अभाव में लंबित हैं, उनकी कमियों और आपत्तियों की शीघ्र पूर्ति कराकर संबंधित जिला कार्यालयों को अग्रेषित किया जाए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसी भी पात्र विद्यार्थी को अनावश्यक देरी का सामना न करना पड़े और सभी प्रकरणों का समयबद्ध समाधान किया जाए।
उन्होंने बताया कि विभाग द्वारा शिक्षण संस्थानों को भी निर्देशित किया गया है कि वे छात्रवृत्ति आवेदनों की नियमानुसार जांच करने के बाद ही उन्हें आगे भेजें। यदि कोई संस्थान अनियमित या फर्जी आवेदन अग्रेषित करता पाया गया तो उसके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी तथा उसे छात्रवृत्ति पोर्टल पर ब्लैकलिस्ट किया जाएगा।
मंत्री ने विद्यार्थियों और शिक्षण संस्थानों से अपील की कि वे केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा जारी अद्यतन दिशा-निर्देशों की जानकारी नियमित रूप से विभागीय वेबसाइटों www.sjmsnew.rajasthan.gov.in/scholarship
तथा sje.rajasthan.gov.in पर देखते रहें, ताकि आवेदन प्रक्रिया में किसी प्रकार की त्रुटि न रहे और योग्य विद्यार्थियों को योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

