आरपीएफ कर्मियों के लिए नई मैस और ओपन जिम का उद्घाटन

WhatsApp Channel Join Now
आरपीएफ कर्मियों के लिए नई मैस और ओपन जिम का उद्घाटन


आरपीएफ कर्मियों के लिए नई मैस और ओपन जिम का उद्घाटन


अजमेर, 25 जून (हि.स.)। उत्तर पश्चिम रेलवे के अजमेर मंडल में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) कर्मियों के कल्याण और कार्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए रेलवे सुरक्षा बल लाइन, रामगंज, अजमेर में नवनिर्मित मैस और ओपन जिम का उद्घाटन किया गया।

इस अवसर पर अजमेर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) राजू भूतड़ा तथा उत्तर पश्चिम रेलवे के महानिरीक्षक सह प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त ज्योति कुमार सतीजा ने संयुक्त रूप से सुविधाओं का शुभारंभ किया।

कार्यक्रम में मंडल सुरक्षा आयुक्त योगेन्द्र सिंह, सहायक सुरक्षा आयुक्त रामेश्वर लाल मीणा सहित रेलवे सुरक्षा बल के अधिकारी और जवान उपस्थित रहे।

उद्घाटन के बाद प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त ज्योति कुमार सतीजा ने आरपीएफ जवानों के साथ ‘सुरक्षा सम्मेलन’ आयोजित किया। सम्मेलन में जवानों की समस्याएं सुनी गईं तथा उनके मनोबल और कार्यक्षमता को बढ़ाने के उपायों पर चर्चा की गई। अधिकारियों ने रेलवे सुरक्षा बल के श्वान दस्ते (डॉग स्क्वाड) और आरपीएफ थाना, अजमेर का भी निरीक्षण किया।

इस अवसर पर अधिकारियों ने कहा कि आरपीएफ कर्मियों को बेहतर कार्य वातावरण, स्वास्थ्य सुविधाएं और फिटनेस संसाधन उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। नई मैस और ओपन जिम की सुविधा से जवानों के स्वास्थ्य, शारीरिक दक्षता और कार्य प्रदर्शन में सकारात्मक सुधार होगा।

रेलवे अधिकारियों ने बताया कि आरपीएफ कर्मियों के कल्याण और कार्य सुविधाओं के विस्तार के लिए भविष्य में भी इसी प्रकार के प्रयास जारी रहेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष

Share this story