आयुर्वेद विवि के कुलगुरु ने राज्यपाल से की शिष्टाचार भेंट

WhatsApp Channel Join Now
आयुर्वेद विवि के कुलगुरु ने राज्यपाल से की शिष्टाचार भेंट


जोधपुर, 21 नवम्बर (हि.स.)। डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन राजस्थान आयुर्वेद विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रोफेसर (वैद्य) गोविंद सहाय शुक्ल ने लोकभवन में राजस्थान के राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय के कुलाधिपति हरिभाऊ बागडे से शिष्टाचार भेंट की।

इस अवसर पर कुलगुरु प्रोफेसर शुक्ल ने राज्यपाल को विश्वविद्यालय में संचालित विभिन्न शैक्षणिक, अनुसंधान एवं चिकित्सकीय गतिविधियों की विस्तृत जानकारी प्रदान की।

उन्होंने विश्वविद्यालय के अंतर्गत संचालित शैक्षणिक संस्थानों, शोध कार्यों तथा चिकित्सालयों में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं से अवगत कराया। कुलगुरु ने विश्वविद्यालय द्वारा सामाजिक सरोकारों के अंतर्गत गोद ग्राम में संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी एवं स्वास्थ्य जागरूकता गतिविधियों की जानकारी भी दी। इसके साथ ही विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए छात्रावासों में उपलब्ध सुविधाओं, खेलकूद एवं अन्य सह-शैक्षणिक गतिविधियों के संबंध में भी चर्चा की। भेंट के दौरान विश्वविद्यालय की रसायनशाला में औषधीय उत्पादों के निर्माण, विकास एवं उपलब्धता की दिशा में किए जा रहे प्रयासों के बारे में भी राज्यपाल को अवगत कराया गया। विश्वविद्यालय द्वारा आयुर्वेद शिक्षा, अनुसंधान, चिकित्सा सेवाओं एवं औषधि निर्माण के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की जानकारी साझा की गई। इस अवसर पर विश्वविद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता को और अधिक सुदृढ़ बनाने, अनुसंधान गतिविधियों को प्रोत्साहित करने तथा आयुर्वेद चिकित्सा पद्धति के व्यापक प्रचार-प्रसार एवं जनस्वास्थ्य में इसकी उपयोगिता बढ़ाने से संबंधित विभिन्न पहलुओं पर भी विचार-विमर्श हुआ।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

780947 Articles

Share this story