आंधी-बारिश के बीच उमस का सितम जारी, 15 शहरों में पारा 40 डिग्री पार; 3 जुलाई से बढ़ेगी बारिश

WhatsApp Channel Join Now
आंधी-बारिश के बीच उमस का सितम जारी, 15 शहरों में पारा 40 डिग्री पार; 3 जुलाई से बढ़ेगी बारिश


जयपुर, 28 जून (हि.स.)। प्रदेश में आंधी और बारिश की गतिविधियों के बावजूद गर्मी और उमस का असर लगातार बना हुआ है। बढ़ी हुई नमी के कारण आमजन बेहाल हैं और कूलर-पंखे भी राहत देने में नाकाम साबित हो रहे हैं। रविवार को प्रदेश के 11 शहरों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। प्रतापगढ़ जिले के अरनोद में सर्वाधिक 45 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। श्रीगंगानगर 44.4 डिग्री सेल्सियस के साथ प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जबकि संगरिया में न्यूनतम तापमान 34.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज होने के साथ रात सबसे गर्म रही।मौसम विभाग के अनुसार रविवार को प्रदेश के 15 शहरों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया, जबकि सात शहरों में रात का तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से अधिक रहा। श्रीगंगानगर के अलावा फलौदी, बीकानेर, चूरू, जैसलमेर, अलवर, जयपुर, कोटा, बाड़मेर, जोधपुर, संगरिया, फतेहपुर, करौली, दौसा और लूणकरणसर में दिन का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक रिकॉर्ड किया गया। वहीं संगरिया, जोधपुर, बीकानेर, चूरू, श्रीगंगानगर, जालोर और लूणकरणसर में रात का तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के पार रहा।रविवार को अलवर, बांसवाड़ा, चित्तौड़गढ़, झालावाड़, झुंझुनूं, प्रतापगढ़, उदयपुर, भीलवाड़ा, धौलपुर, चूरू और डूंगरपुर में आंधी और बारिश की गतिविधियां देखने को मिलीं। उदयपुर में दोपहर बाद मौसम अचानक बदला और तेज बारिश हुई। आंधी के कारण कई स्थानों पर पेड़ गिर गए, जिससे कुछ वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गए।मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि वर्तमान में मानसून की उत्तरी सीमा गुजरात, मध्यप्रदेश, झारखंड और बिहार के कुछ हिस्सों से होकर गुजर रही है। आगामी तीन से चार दिनों में गुजरात, मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ भागों में मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं। उन्होंने बताया कि कोटा और उदयपुर संभाग के कुछ क्षेत्रों में आगामी तीन से चार दिनों तक तेज मेघगर्जन के साथ मध्यम से कहीं-कहीं तेज बारिश होने की संभावना है। वहीं जयपुर, भरतपुर और कोटा संभाग में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पूर्वी और पूर्वी राजस्थान के कुछ क्षेत्रों में 2 जुलाई से वर्षा गतिविधियों में बढ़ोतरी होने की संभावना है। 3 से 5 जुलाई के दौरान पूर्वी राजस्थान के अधिक क्षेत्रों में बारिश का विस्तार होगा तथा कहीं-कहीं मध्यम से भारी वर्षा भी हो सकती है। आगामी तीन से चार दिनों तक जोधपुर और बीकानेर संभाग के कुछ हिस्सों में अधिकतम तापमान 42 से 44 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। वहीं जयपुर, अजमेर और भरतपुर संभाग के कुछ क्षेत्रों में तापमान 38 से 42 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। नमी की मात्रा अधिक होने के कारण उमस भरी गर्मी का असर बना रहेगा।उल्लेखनीय है कि शनिवार को भी प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में मेघगर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई थी। राज्य के पूर्वी भाग में एक-दो स्थानों पर भारी वर्षा हुई। बांसवाड़ा जिले के दानपुर में सर्वाधिक 75 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई, जबकि अलवर में न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश

Share this story