अंतरराष्ट्रीय बेटी दिवस पर विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिलाओं एवं संस्थाओं का किया सम्मान

WhatsApp Channel Join Now
अंतरराष्ट्रीय बेटी दिवस पर विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिलाओं एवं संस्थाओं का किया सम्मान


बीकानेर, 28 सितंबर (हि.स.)। किसी समाज की असली ताकत उसकी आधी आबादी की प्रतिभा, आत्मविश्वास और उपलब्धियों से पहचानी जाती है। इसी भावना को साकार करते हुए अंतरराष्ट्रीय बेटी दिवस के विशेष अवसर पर नारी शक्ति संगठन की ओर से रिद्धि-सिद्धि पैलेस में आयोजित महिला सम्मान समारोह शहर के लिए यादगार बन गया। समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर पहचान बनाने वाली बीकानेर की प्रेरणादायी महिलाओं एवं संस्थाओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं की उपलब्धियों, बेटियों की प्रतिभा और उनके आत्मविश्वास की गूंज पूरे सभागार में सुनाई दी।यात्रा की गाइड और यात्रा की जानकारी

संगठन अध्यक्ष एवं मुख्य आयोजक मधु खत्री ने कहा कि ‘नारी सम्मान, सशक्त समाज और समृद्ध बीकानेर’ की भावना के साथ यह आयोजन किया गया। उन्होंने कहा कि महिलाओं की मेहनत, आत्मविश्वास और हौसले को सम्मान देना पूरे समाज के लिए गौरव का विषय है। बीकानेर की अनेक महिलाएं अपने-अपने क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य कर समाज और शहर के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं। ऐसे आयोजनों के माध्यम से उनकी उपलब्धियों को पहचान मिलती है और दूसरी महिलाओं को भी आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है।

सीके बिरला हॉस्पिटल जयपुर के स्टेट हेड संजीव जाजोरिया ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि महिलाओं को सम्मान देने वाले ऐसे कार्यक्रम उनके आत्मविश्वास को बढ़ाते हैं। उन्होंने पूरी आयोजन टीम को सफल कार्यक्रम के लिए बधाई और शुभकामनाएं दीं।

डीवाईएसपी शालिनी बजाज ने कहा कि महिलाएं आज आत्मनिर्भर हो चुकी हैं और उनमें प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। जरूरत सिर्फ उनकी प्रतिभा को सामने लाने की है। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम में महिलाओं की प्रतिभाओं को देखकर लगा कि बीकानेर में ऐसी प्रतिभाओं की भरमार है। इस तरह का आयोजन उन्होंने बीकानेर में पहली बार देखा है।यात्रा की गाइड और यात्रा की जानकारी

डॉ. शेफाली दाधीच ने कहा कि महिलाओं में प्रतिभा कूट-कूटकर भरी हुई है। महिलाएं समय-समय पर अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर खुद को साबित करती रही हैं। ऐसे मंच महिलाओं को आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करते हैं।

समारोह में उड़ान ग्रुप की ओर से बेटियों की उपलब्धियों पर आधारित शानदार नृत्य प्रस्तुति दी गई। मां और बेटी की एक साथ नृत्य प्रस्तुति ने दर्शकों को भावुक कर दिया और सभागार तालियों से गूंज उठा। बेटी दिवस के महत्व पर नन्हीं ध्वनि खत्री ने भी प्रभावशाली ढंग से अपने विचार रखे और अपनी प्रस्तुति से सभी को तालियां बजाने पर मजबूर कर दिया।

कार्यक्रम का संचालन रविंद्र हर्ष और सुहानी शर्मा ने किया। संगठन की सचिव संजू खत्री ने सभी अतिथियों एवं उपस्थितजनों का आभार व्यक्त किया।

आयोजन में मधु खत्री, संजू खत्री, रीता तनेजा, सुषमा राय, सुहानी शर्मा, रजनी कालरा, खुशबू खतुरिया, शशिकांता खत्री और वर्षा संचेर सहित नारी शक्ति संगठन की पूरी टीम का सक्रिय सहयोग रहा। कार्यक्रम के सहयोगी लोटस डेयरी, सीके बिरला हॉस्पिटल जयपुर और कृष्णा आईवीएफ हॉस्पिटल रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

Share this story